लक्सर से भाजपा के पूर्व विधायक संजय गुप्ता का अपने जमदिन समारोह पर विवादित बयान
पूर्व राज्यमंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने संजय गुप्ता के बयान की निंदा की
देवभूमि टुडे
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के लक्सर से भाजपा के पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि उनका पानी पीकर भी जो उन्हें वोट नहीं देगा, उसके पेट में कीड़े पड़ेंगे। अपने जन्म दिन के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए उन्होंने ये विवादित बयान दिया। अलबत्ता पूर्व विधायक का दावा है कि उन्होंने ऐसा नहीं कहा। उनका बयान तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया। ये विपक्ष की साजिश है।
वहीं इस बयान की पूर्व राज्यमंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने निंदा की है। उन्होंने पानी जैसी मूलभूत सुविधा को वोट से जोड़ने को लोकतंत्र और जनता के सम्मान का अपमान बताया और प्रशासन से मामले का संज्ञान लेने की मांग की।
संजय गुप्ता ने कहा- “स्वच्छ पानी...पहले 20 फुट का पानी गादला पीते थे। लेकिन जो पानी पीकर भी मुझे वोट न दे, उसके पेट फटेंगे, कीड़े पड़ेंगे उसके पेट में।" इसके बाद उन्होंने कहा- “स्वच्छ पानी पीकर मैं उस मालिक को हाजिर-नाजिर करके कह रहा हूं, जो वो मेरे लाया हुआ पानी पीयेगा, वो स्वच्छ पानी, बीमारी से दूर भगाने वाला पानी, तो उसके पेट में प्लास्टिक के कीड़े पड़ेंगे और फट जाएगा उसका पेट।”
पूर्व विधायक गुप्ता ने अपने जन्मदिन के मौके पर सुल्तानपुर में आयोजित कार्यक्रम में अपने विधायक कार्यकाल के दौरान कराए गए विकास कार्य गिनाए। इसी दौरान पेयजल व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने ये विवादित टिप्पणी की थी।
पानी को वोट से जोड़ना गलत: पूर्व मंत्री आनंद
पूर्व राज्यमंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने संजय गुप्ता के बयान की निंदा की। उन्होंने कहा कि पानी हर व्यक्ति की मूलभूत जरूरत है। इसे किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल को वोट देने से जोड़ना लोकतंत्र और जनता के सम्मान का अपमान है।
आनंद ने कहा कि जनता अपने मताधिकार का इस्तेमाल स्वतंत्र रूप से करती है। किसी भी तरह का दबाव या भय लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को डराने-धमकाने की राजनीति अब नहीं चलेगी। पूर्व राज्यमंत्री ने प्रशासन से पूरे मामले का संज्ञान लेने और बयान को लेकर कार्रवाई करने की मांग की है।
© 2026. All Rights Reserved.