वन दरोगा के हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज है सहायक वन कर्मचारी संघ सहित वन विभाग के विभिन्न कर्मचारी संगठन
देवीधुरा वन क्षेत्र में वन दरोगा पवन मेहरा पर हमले का है आरोप
पाटी थाने में 2 नामजद युवकों के अलावा 8 से 10 अज्ञात लोगों पर 22 जुलाई को दर्ज हुआ मुकदमा
लेकिन न गिरफ्तारी हुई और न लूटा मोबाइल फोन बरामद हुआ
देवभूमि टुडे
चंपावत/देवीधुरा/पाटी। ड्यूटी के दौरान वन दरोगा पर हमला करने वालों की 3 दिन बाद भी गिरफ्तारी न होने से सहायक वन कर्मचारी संघ सहित वन विभाग के विभिन्न कर्मचारी संगठन गुस्से में है। विरोध में वन विभाग के तमाम कर्मचारी संगठनों ने 3 दिन के भीतर आरोपितों की गिरफ्तारी न होने पर पाटी थाने में जाकर चरणबद्ध आंदोलन व धरना करने की चेतावनी दी है।

आरोप है कि 22 जुलाई को देवीधुरा के जमनपौड़ के वन आरक्षित क्षेत्र में मार्ग पर पड़े पत्थरों को तोड़ रहे लोगों को गश्त पर गए वन दरोगा पवन मेहरा ने रोका और उनके उपकरणों को जब्त किया था। इससे नाराज अनुज राणा और आयुष राणा के अलावा 8 से 10 अज्ञात लोगों ने वन दरोगा से मारपीट की एवं उनके मोबाइल फोन को भी लूट लिया। आरोपितों के खिलाफ पाटी थाने में 22 जुलाई को भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 (2), 126, 132, 191 (2) और 304 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कारवाई कर रही है। लेकिन वन कर्मचारी संघ का आरोप है कि अब तक न तो आरोपितों की गिरफ्त हो सकी है और नहीं मोबाइल बरामद हो सका है। इससे वन कर्मियों का मनोबल गिरा है।
सहायक वन कर्मचारी संघ के प्रभागीय अध्यक्ष रेवाधर जोशी की अध्यक्षता और प्रभागीय महामंत्री मोहन पांडेय के संचालन में चंपावत वन प्रभाग सभागार में 25 जुलाई को हुई बैठक में कहा गया कि 3 दिन के भीतर गिरफ्तारी न होने पर पाटी थाने में चरणबद्ध तरीके से आंदोलन व धरना किया जाएगा। बैठक में वन क्षेत्र अधिकारी संघ, उप वन क्षेत्र अधिकारी संघ, वन बीट अधिकारी संघ, फॉरेस्ट मिनिस्टीरियल संघ और चतुर्थ श्रेणी संघ के पदाधिकारी के अलावा चंपावत वन प्रभाग के सातों रेंजों व डिविजन कार्यालय के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे।

© 2026. All Rights Reserved.