80वें स्वतंत्रता दिवस पर SSB वाहिनी मुख्यालय में कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम ने किया ध्वजारोहण
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य एवं सराहनीय योगदान करने वाले बल कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र दे किया गया सम्मानित
देवभूमि टुडे
चंपावत। SSB (सशस्त्र सीमा बल) की चंपावत स्थित पंचम वाहिनी में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। वाहिनी मुख्यालय में कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम ने ध्वजारोहण किया। साथ ही वाहिनी की सीमा चौकियों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम हुए। समारोह में बल कार्मिकों के साथ स्थानीय ग्रामीण, अध्यापक एवं स्कूली बच्चों ने सहभागिता की।


कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम ने देशभक्तों को नमन करते हुए सशस्त्र सीमा बल की उपलब्धियों का उल्लेख किया। SSB के महानिदेशक के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जारी बधाई संदेश को वाहिनी के बल कार्मिकों को पढ़कर सुनाया गया। कार्यक्रम के दौरान वाहिनी के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य एवं सराहनीय योगदान करने वाले बलकार्मिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बाद में संदीक्षा परिवार के सदस्यों एवं बच्चों के लिए विभिन्न खेल एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें बोरी दौड़, म्यूजिकल चेयर, मटका फोड़ एवं रस्साकशी आदि प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। साथ ही बल कार्मिकों के लिए भी रस्साकशी प्रतियोगिता आयोजित की गई। विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार दिया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वाहिनी मुख्यालय में बनाए गए सेल्फी पॉइंट पर बल कार्मिकों एवं संदीक्षा परिवार के सदस्यों ने तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को अभिव्यक्त किया। इसके अतिरिक्त वाहिनी मुख्यालय एवं सभी सीमा चौकियों में मिठाई वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान वाहिनी मुख्यालय एवं सीमा चौकियों का वातावरण राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं उत्साह से ओतप्रोत रहा। इस अवसर पर कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. विशाल बरनवाल, उप कमांडेंट शिव राम, करन चौहान, उप कमांडेंट नवनीत कुमार, निरीक्षक/सामान्य नरेश कुमार एवं सशस्त्र सीमा बल के बलकार्मिक एवं संदीक्षा परिवार के सदस्य मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.