Monday May 25, 2026

अग्रिशमन विभाग की मशक्कत से 3 घंटे में बुझाई जा सकी टनकपुर बैराज मार्ग पर लगी आग

तत्काल कार्रवाई से बड़ा नुकसान बचा

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। चंपावत जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर के शारदा बैराज मार्ग पर नगर पालिका के डंपिंग जोन में कूड़े के ढेर में आग लग गई। ढेर के पास ही पूर्णागिरी मेले के लिए अस्थाई कार पार्किंग बनाई गई है, जहां श्रद्धालुओं के वाहन खड़े थे। आग लगने से अफरातफरी मच गई। सूचना पर फौरन मौके पर पहुंची अग्रिशमन विभाग की टीम ने मशक्कत के बाद आग पर काबू किया। इससे आग को अस्थाई पार्किंग स्थल तक पहुंचने से बचा लिया गया। आग कैसे लगी, इसका पता नहीं चल सका है।

आग बुझाते फायर कर्मी।

कल 23 मई की शाम डंपिंग जोन में जमा कूड़े के ढेर में एकाएक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। डंपिंग जोन से कुछ दूरी पर ही कार पार्किंग स्थल पर पूर्णागिरी दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं के वाहन पार्क थे। आग के पार्किग तक पहुंचने पर बड़ा हादसा हो सकता था। आग को फैलते देख स्थानीय दुकानदारों ने घटना की जानकारी तुरंत फायर स्टेशन को दी। लीडिंग फायरमैन विजेंद्र कुमार के नेतृत्व में चालक कृष्णा सिंह, फायरमैन महेंद्र रावत, भावना पंत, नीलम रावत की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाना शुरू कर दिया। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। अग्रिशमन अधिकारी अमर सिंह अधिकारी ने बताया कि आग समय से नहीं बुझती, तो पार्किंग स्थल में पार्क वाहनों के अलावा आसपास लगी दुकानों को भी नुकसान पहुंच सकता था। बहरहाल अग्रिशमन की मुस्तैदी से इस खतरे को टाला जा सका।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.