Tuesday Jul 21, 2026

चंपावत कलक्ट्रेट रोड के पास की एक दुकान में आग लगने से 4 लाख से अधिक का नुकसान

19-20 जुलाई की दरमियानी रात की घटना दुकान स्वामी राकेश सिंह तड़ागी ने आग लगाने की आशंका जताई, पुलिस ने शुरू की जांच

देवभूमि टुडे

चंपावत। कलक्ट्रेट रोड पर टैक्सी स्टेंड के समीप एक व्यापारिक प्रतिष्ठान में आग लगने से अंदर मौजूद 4 लाख रुपये मूल्य की सामग्री जलकर राख हो गई। घटना 19-20 जुलाई की दरमियानी रात की है। दुकान स्वामी को आग लगने की जानकारी सोमवार सुबह हुई। दुकान जली देख उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस और फायर विभाग को दी। जिसके बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अंदर सुलग रही आग बुझाई। आग लगने से दुकान स्वामी को चार लाख से अधिक का नुकसान हुआ है।

आग बुझाते फायर कर्मी।

पीड़ित दुकान स्वामी राकेश सिंह तड़ागी उर्फ रिंकू ने बताया कि रविवार की रात 9:30 बजे वह दुकान बंद कर घर चला गया था। सुबह 6 बजे रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचा, तो पूरी दुकान जली हुई मिली। अंदर मौजूद किराना सामान के साथ दो फ्रिज, फर्नीचर और अन्य तमाम सामग्री राख हो चुके थे। रिंकू के गाड़ी धुलाई सेंटर की गाड़ी धोने की मशीन, पानी फेंकने की मशीन और हवा भरने वाली मशीन भी उनकी दुकान में रखी थीं, जो पूरी तरह जल गई हैं। चौराहे में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी दुकान के अंदर लगाई हुई थी, जो राख हो गई है।

दुकानदार रिंकू तड़ागी ने बताया कि आग लगने से 4 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। इधर दुकान स्वामी की सूचना पर दमकल विभाग की टीम भी पहुंच गई, लेकिन तब तक नुकसान हो चुका था। टीम में सुलग रही आग बुझाकर उसे दूसरी जगह फैलने से बचा लिया। कोतवाल बीएस बिष्ट ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया। दुकान स्वामी राकेश सिंह ने दुकान में रंजिशन आग लगाने का अंदेशा जताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बाद में व्यापार मंडल अध्यक्ष विकास साह, महामंत्री हरीश शक्टा, मोहन भट्ट आदि व्यापारी कोतवाली पहुंचे और उन्होंने कोतवाल से मामला संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की। दमकल विभाग की टीम में एलएफएम राम दरस, नीरज जोशी, सुभाष जोशी, कृपाल बिष्ट, सचिन सिंह राणा, अनवर अली आदि मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.