लोहाघाट से लगे बाड़ीगाड़ और डिग्री कॉलेज के बीच गुलदार दिखने से लोग खौफजदा
वन विभाग से गुलदार को पकड़ने की मांग की
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट से लगे बाड़ीगाड़ और डिग्री कालेज के बीच अक्सर गुलदार दिखने से लोग खौफजदा हैं। शाम ढलते ही सड़क किनारे गुलदार दिखाई दे रहा है, जिससे आम आवाजाही पर भी असर पड़ रहा है। 8 मई की रात करीब 10 बजे डिग्री कॉलेज मार्ग से रायनगर चौड़ी गांव को जाने वाले रास्ते पर एक गुलदार को CCTV कैमरे में कैद हुआ है। गुलदार गांव की ओर जाते हुए नजर आया, जिससे आसपास के निवासी खौफ में हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बाड़ीगाड़ से डिग्री कॉलेज तक के मार्ग पर कई बार गुलदार को देखा गया है। इस पूरे रास्ते के दोनों ओर देवदार का घना जंगल है, जो गुलदार के लिए आदर्श आश्रय स्थल बन गया है। इस मार्ग से रेंजर क्वार्टर, चौड़ी, डैंसली, भुमलाई, कोयाटी, गल्लागांव सहित कई गांवों के लोग आवाजाही करते हैं। शाम होते ही लोग घरों को लौटने लगते हैं, लेकिन गुलदार की बढ़ती सक्रियता ने उनके लिए खतरा पैदा कर दिया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को तुरंत पकड़ खौफ से निजात दिलाने की मांग की है। कहा कि यदि समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो कोई भी घटना हो सकती है।
© 2026. All Rights Reserved.