अब सभासदों ने भी चार्ज को लेकर भेजा ज्ञापन
हल्द्वानी से स्थानांतरित टनकपुर की अधिशासी अधिकारी पूजा आर्य ने 21 जनवरी को लिया था प्रशासनिक चार्ज
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। जिले के प्रवेशद्वार टनकपुर में 2 हफ्ते से SDM की जिम्मेदारी 75 किमी दूर के अधिकारी के पास हैं। टनकपुर की CO का 30 जनवरी को बिना प्रतिस्थानी स्थानांतरण आदेश हो चुका है। अलबत्ता अभी उन्हें कार्यमुक्त नहीं किया गया है। वहीं चंपावत जिली की सबसे अधिक आबादी वाले मैदानी क्षेत्र टनकपुर नगरपालिका की EO को 2 हफ्ते बाद भी वित्तीय चार्ज नहीं मिला है।
27 फरवरी से शुरू होने वाले पूर्णागिरि मेले में टनकपुर क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है, लेकिन वहां की प्रशासनिक व्यवस्था अभी बे-पटरी है। टनकपुर में 3 महीने से पूर्णकालिक EO नहीं थे। हल्द्वानी नगर निगम से पूजा आर्य को शासन ने टनकपुर भेजा था। 21 जनवरी को उन्होंने प्रशासनिक चार्ज लिया, लेकिन वित्तीय कार्यभार 2 हफ्ते बाद भी नहीं मिल सका है।
टनकपुर के सभासद अब चार्ज को लेकर मुखर हुए हैं। उन्होंने 2 फरवरी को पालिकाध्यक्ष को पत्र भेज EO को वित्तीय चार्ज देने की मांग की है। कहा कि चार्ज नहीं मिलने से विकास एवं जनहित के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ज्ञापन में सभी 11 सभासदों दिलदार अली, सब्या बाल्मीकि, शैलेंद्र सिंह, वर्षा शर्मा, बबीता वर्मा, हसीब अहमद, दिनेश कुमार, आशा भट्ट, सविता बिष्ट, वकील अहमद और चर्चित शर्मा के हस्ताक्षर हैं।

क्या कहते हैं अधिकारी:
टनकपुर के SDM के पद को भरे जाने के लिए पत्र भेज शासन से अनुरोध किया गया है। जल्द ही टनकपुर के लिए नए अधिकारी की तैनाती होने की संभावना है। टनकपुर EO के वित्तीय चार्ज मामले की पूरी जानकारी ले जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
मनीष कुमार,
DM, चंपावत।

© 2026. All Rights Reserved.