Monday Nov 16, 2026

चंपावत के मैदानी क्षेत्र में सिडकुल के निर्माण की घोषणा की जमीनी हकीकत

पहली घोषणा 18 जुलाई 2017 में तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने की थी, जो जमीन नहीं मिलने पर 2020 में निरस्त हो गई थी

दूसरी घोषणा 1 सितंबर 2021 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की थी

26 का उत्तराखंड-7

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। चंपावत के मैदानी क्षेत्र बनबसा में सिडकुल (राज्य अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास निगम) की इकाई का निर्माण होगा। दो-दो मुख्यमंत्रियों ने ये घोषणा की है, लेकिन आज तक यह ऐलान जमीन में मूर्त रूप नहीं ले सका है। ऐसे में चंपावत जिले में उद्योग की संभावना कब साकार होगी, साफ नहीं है।

चंपावत विधानसभा क्षेत्र में सिडकुल की इकाई का सपना मैदान के लोगों ने पहली बार 18 जुलाई 2017 को तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के टनकपुर दौरे के दौरान किए गए ऐलान से देखा था। मगर जमीन नहीं मिल पाने से ये घोषणा जमीन में नहीं उतर सकी। 2020 आते-आते घोषणा को विलोपित कर दिया गया। लेकिन 1 सितंबर 2021 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत विधानसभ क्षेत्र के अंतर्गत बनबसा या अन्य स्थान पर सिडकुल का निर्माण कराने की घोषणा की थी। लेकिन 5 साल से अधिक बीतने के बावजूद इस घोषणा के अनुरूप काम शुरू नहीं हो सका है। सिडकुल की यूनिट होने से क्षेत्र में उद्योग, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आती।

18 जुलाई 2017 को की गई घोषणा (ऊपर) एवं 1 सितंबर 2021 को हुई सिडकुल की घोषणा (नीचे)
बंद रोजिन एंड टरपंटाइन फैक्ट्री।

क्या कहते हैं जिलाधिकारी:

चंपावत जिले के मैदानी क्षेत्र में सिडकुल की स्थापना के लिए भूमि चयन अंतिम दौर में है। नवंबर माह के पहले सप्ताह में इसे लेकर बनबसा के कठुवापाती में प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया जा चुका है। जमीन की उपलब्धता, पहुंच मार्ग, आबादी से दूरी, लैंड पोर्ट के करीब और औद्योगिक विस्तार की संभावना के दृष्टिगत यह स्थल उपयुक्त प्रतीत होता है। उद्योग और संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।

मनीष कुमार,

DM, चंपावत।

DM मनीष कुमार।

उत्तर प्रदेश के जमाने की सार्वजनिक फैक्ट्री हो चुकी है बंद:

चंपावत। सिडकुल की इकाई तो चंपावत जिले में अब तक नहीं बन सकी, लेकिन उत्तराखंड बनने के बाद चंपावत जिले की सार्वजनिक सेक्टर की फैक्ट्री जरूर बंद हो चुकी है। वर्ष 1978 में KMVN (कुमाऊं मंडल विकास निगम) ने 230 नाली जमीन में चंपावत में रोजिन एंड टरपंटाइन फैक्ट्री स्थापित की थी।

सार्वजनिक क्षेत्र की यह फैक्ट्री लगातार मुनाफे में चली थी, लेकिन लीसा नीति में बदलाव के बाद 2005 में इसे बंद कर दिया गया। 2019 में इसकी मशीनरी और उपकरणों को भी नीलाम कर दिया गया। इस जमीन को जिला अस्पताल, क्रिटिकल केयर यूनिट, PICU का निर्माण हुआ है। चाय की फैक्ट्री भी इसी जमीन पर है। इसके अलावा अब इस क्षेत्र की करीब 78 नाली जमीन सेना को दी गई है। सेना को यह जमीन गोरलचौड़ वाली जमीन के बदले दी गई है। गोरलचौड़ वाली भूमि सेना ने स्टेडियम के लिए दी है।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.