पूर्णागिरि मार्ग से लगे उचौलीगोठ और गेंडाखाली गांव में हाथी मचा रहा उत्पात
ग्रामीण के घर के गेट का दरबाजा तोड़ा, पेड़-पौधों को पहुंचाया नुकसान
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। पूर्णागिरि मार्ग पर स्थित उचौलीगोठ और गेंडाखाली गांव में हाथी का खौफ कम नहीं हो रहा है। पिछले कुछ समय गेंहू की फसल रौंदने के बाद अब हाथी सब्जी पौधों के साथ कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा रहा है। कल बृहस्पतिवार की रात हाथी ने उचौलीगोठ गांव में घुसकर फलदार पौधों एवं खेतों में लगाई गई सब्जी को तहस-नहस कर दिया।
देर रात हाथी ने सुरेश सिंह महर का गेट का दरवाजा तोड़कर अंदर रखे सामान को नुकसान पहुंचाया। उचौलीगोठ टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष आनंद सिंह महर ने बताया कि हाथी ग्रामीाणों के साथ-साथ मां पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए खतरा बना हुआ है, लेकिन वन विभाग इससे निजात दिलाने के लिए ठोस कदम नहीं उठा रहा है। कहा कि हाथी के आतंक से जल्द छुटकारा नहीं दिलाया गया, तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे। बताया कि डर के कारण ग्रामीण शाम होते ही बाजार से जल्दी घर लौट आ रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से जगह-जगह खराब पड़ी सोलर फेंसिंग को भी दुरुस्त करने की मांग की है। वहीं शारदा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी के मोबाइल नंबर पर संपर्क नहीं होने से उनके पक्ष का पता नहीं चल सका है। ये क्षेत्र हाथी कॉरिडोर का हिस्सा है। जिसमें बूम, शारदा और दोगाड़ी रेंज का हिस्सा आता है।
उधर बूम के वन क्षेत्राधिकारी गुलजार हुसैन ने बताया कि पूर्णागिरी धाम क्षेत्र के तीर्थ यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए विभागीय टीम के गश्त करने के साथ सभी जरूरी उपाय किए जा रहे हैं। कहा कि हाथी गलियारा होने से इस इलाके में अक्सर हाथी दिखते हैं। ऐसे में लोगों के साथ हाथी को भी नुकसान न हो, इसके लिए सभी चौकसी बरती गई है।
© 2026. All Rights Reserved.