Saturday Aug 1, 2026

टनकपुर के नायकगोठ में हाथी की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हुई

टनकपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में हाथियों का उत्पात

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। टनकपुर के कई ग्रामीण क्षेत्रों में गजराज सिरदर्द बना हुआ है। गांव में दहशत से लेकर तोडफ़ोड़ और खेत में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा रहा है। बीते तीन दिनों में हाथी ने कहीं पॉलीहाउस तोड़ा, तो कहीं दुकान के शटर को नुकसान पहुंचाया। शटर तोड़कर दुकान से आटे का कट्टा ले गया। शटर तोड़ता हाथी सीसीटीवी में नजर भी आ रहा है।

हाथी द्वारा नुकसान पहुंचाया गया शटर।

जानकारी के मुताबिक टनकपुर के दो गांव उचौलीगोठ और नायकगोठ में हाथी उत्पात मचा रहे हैं। बृहस्पतिवार की रात अकेले घुसे हाथी ने नायकगोठ गांव में अरविंद पुजारी की दुकान का  शटर तोड़कर सूड़ से आटे का कट्टा उठाकर दूसरी जगह पहुंचा चट कर दिया। हाथी ने पास में ही मौजूद एक अन्य दुकान को भी नुकसान पहुंचाया। दुकान तोड़ते हुए हाथी की तस्वीर बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। हाथी ने पास में खड़ी कार का कवर भी नीचे फेंक दिया। इससे कार को हल्का नुकसान हुआ है। इस घटना से एक दिन पूर्व भी हाथी उचौलीगोठ में गोविंद बल्लभ भट्ट के पॉलीहाउस को नुकसान पहुंचा चुका है।

ग्रामीणों के मुताबिक नायकगोठ में जिस जगह पर हाथी ने ये हरकत की, वह स्थान वन चौकी से बमुश्किल 200 मीटर दूरी पर है। साथ ही फेंसिंग लाइन भी लगी है। इसके बावजूद भी हाथी गांव में घुसकर उत्पात मचा रहा है। ग्राम प्रधान कंचन देवी ने बताया कि अभी धान की फसल छोटी है, लेकिन हाथी उसे रौंदकर बर्बाद कर रहा है। प्रधान का कहना है कि जगह-जगह सोलर फेंसिंग खराब पड़ी हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से शीघ्र फेंसिंग लाइन दुरुस्त करने और पीडि़त परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.