Sunday Jul 12, 2026

उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ टनकपुर क्षेत्र की नई कार्यकारिणी के चुनाव संपन्न

नरेंद्र पाल को क्षेत्रीय अध्यक्ष और गौरव गुप्ता को क्षेत्रीय मंत्री चुना गया

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ टनकपुर क्षेत्र की नई कार्यकारिणी के चुनाव संपन्न हुए। नरेंद्र पाल को क्षेत्रीय अध्यक्ष और गौरव गुप्ता को क्षेत्रीय मंत्री चुना गया है। वर्ष 2026-27 के लिए हुए निर्वाचन में समूची कार्यकारिणी निर्विरोध तरीके से निर्वाचित हुई। समूची चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र मिश्रा और महामंत्री रामप्रीत यादव की देखरेख में संपन्न हुई। मुख्य अतिथि पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष हर्षवर्धन रावत और आरएसएस के टनकपुर के नगर संघचालक जगदीश जोशी ने निगम कर्मियों के मुद्दों को सरकार के सम्मुख उठाने का भरोसा दिया।

 

संघ ने विशेष श्रेणी संविदा कर्मचारियों के नियमितिकरण के लंबे समय से लटके मामलों को प्रमुखता से उठाया। कहा कि रोडवेज में वर्षों से जिम्मेदारी के साथ सेवा दे रहे चालक, परिचालक, तकनीकी कर्मचारियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण किया जाना चाहिए। मजदूर संघ ने नई बसों को उपलब्ध कराने, बंद पड़े पहाड़ी मार्गों पर संचालन शुरू कर लोगों को सुविधा देने की मांग की। प्रदेश नेतृत्व ने कहा कि नव निर्वाचित पदाधिकारी संगठन को मजबूत करने के साथ निगम और कर्मचारियों के हितों के लिए काम करेंगे।

परिवहन मजदूर संघ क्षेत्रीय इकाई की इन्हें दी गई है जिम्मेदारी:

ललित जोशी को कार्यकारी अध्यक्ष, नरेंद्र पाल क्षेत्रीय अध्यक्ष, रमावती देवी व सतीश उप्रेती उपाध्यक्ष, गौरव गुप्ता क्षेत्रीय मंत्री, कुनाल राठौर संठन मंत्री, कुलदीप गुप्ता व रोहित कुमार संयुक्त मंत्री, ज्ञान सिंह कोषाध्यक्ष, परवेज आलम प्रचार मंत्री, कृष्णा अधिकारी कार्यालय सचिव और कुशल प्रजापति संप्रेक्षक।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.