चंपावत जिले की शक्तिपुरबुंगा जिला पंचायत सीट से विजेता प्रत्याशी कृष्णानंद जोशी का चुनाव रद्द
दो जगह मतदाता सूची में नाम दर्ज होने की वजह से रद्द हुआ निर्वाचन
चंपावत जिला न्यायालय का आदेश
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत जिला पंचायत की शक्तिपुरबुंगा सीट के विजेता प्रत्याशी कृष्णानंद जोशी का चुनाव रद्द कर दिया गया है। दूसरे नंबर पर रहे प्रत्याशी की याचिका पर जिला न्यायालय ने आज 28 अप्रैल को ये आदेश दिया। मतदाता सूची में दो जगह नाम दर्ज होने के चलते निर्वाचन रद्द कर दिया गया है। अब यह सीट खाली हो गई है।

हरिद्वार जिले को छोड़ उत्तराखंड के शेष 12 जिलों में जुलाई 2025 में त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव हुए थे। चंपावत जिले की जिला पंचायत की शक्तिपुरबुंगा सीट से कृष्णानंद जोशी ने भाजपा समर्थित मनमोहन सिंह बोहरा को 345 वोटों से हराया था। कृष्णानंद जोशी को 2259 और मनमोहन सिंह बोहरा को 1914 वोट मिले थे। इसके अलावा मनीष महर को 1734, दिनेश चंद्र चौड़ाकोटी को 1041 और चंद्र सिंह को 812 मत मिले थे।
चुनाव नतीजे के खिलाफ दूसरे नंबर पर रहे भाजपा समर्थित प्रत्याशी मनमोहन सिंह बोहरा ने अदालत में याचिका दायर की थी। जिसमें उन्होंने कृष्णानंद जोशी का चंपावत विधानसभा क्षेत्र में दो जगह मतदाता सूची में नाम होने का आरोप लगाया था। सभी पक्षों को सुनने और तमाम दस्तावेजों के परीक्षण के बाद जिला जज अनुज कुमार संगल ने आज 28 अप्रैल को निर्वाचन रद्द करने का आदेश दिया। अब यह सीट रिक्त हो गई है।

© 2026. All Rights Reserved.