Friday May 15, 2026

पंचेश्वर के मौड़ा गांव के दीवान सिंह बोहरा ने टनकपुर में जहरीला पदार्थ खाया 11 लाख रुपये में खरीदी जमीन किसी और व्यक्ति को बेचने का खटीमा निवासी पर आरोप, मुकदमा दर्ज

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। जमीना विवाद के चलते टनकपुर के पिथौरागढ़ चुंगी के पास एक अधेड़ व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ खा लिया। मोबाइल चीता पुलिस ने अधेड़ व्यक्ति को उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान लोहाघाट के पंचेश्वर के मौड़ा गांव निवासी दीवान सिंह बोहरा (55) पुत्र स्वर्गीय देव सिंह बोहरा के रूप में हुई। मृतक के पुत्र ने घटना के लिए खटीमा निवासी एक व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपित के विरूद्ध मामला पंजीकृत कर लिया है।

 

पुलिस के मुताबिक कल 13 मई की रात करीब 10 बजे पिथौरागढ़ चुुंगी से गुजर रही चीता मोबाइल टीम को देखकर दीवान सिंह बोहरा जोर-जोर से चिल्लाने लगे। टीम ने पूछताछ की तो पता चला कि उन्होंने सल्फास खा लिया है। मोबाइल टीम बोहरा को तुरंत उप जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इलाज कर रहे डॉ. आफताब आलम ने बताया कि व्यक्ति की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है।

इधर पुलिस ने अस्पताल के मैमो के आधार पर शव कब्जे में ले लिया और घटना की जानकारी परिजनों को दी। और आज 14 मई को पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के पुत्र दीपक सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर कहा कि उनके पिता ने खटीमा निवासी एक व्यक्ति से 11 लाख रुपये में जमीन खरीदी थी, लेकिन बाद में वहीं जमीन उन्होंने किसी और को बेच दी। जब दीवान सिंह बोहरा ने रुपये लौटाने की मांग की, तो उन्होंने न तो रुपये लौटाया और नहीं जमीन दी। इससे वह बहुत परेशान हो गए थे और उन्होंने सल्फास खाकर अपनी जान दे दी। कोतवाल ने बताया कि पुलिस ने नामजद आरोपी कैलाश भट्ट निवासी बुढिय़ा थारू खटीमा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच एसआई अकरम मोहम्मद को सौंपी गई है।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.