Saturday Jul 18, 2026

लोहाघाट विकास संघर्ष समिति ने किया पुतला दहन

उप जिला अस्पताल से 8 डॉक्टरों के तबादले पर बवाल

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट उप जिला अस्पताल  से 8 चिकित्सकों के तबादले के विरोध में आज 17 जुलाई को लोहाघाट विकास संघर्ष समिति ने अस्पताल परिसर के पास प्रदर्शन किया। समिति ने स्वास्थ्य मंत्री का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही एक सप्ताह के भीतर तमाम स्थानांतरण नहीं रोके जाने पर अस्पताल में तालाबंदी की चेतावनी दी।

संघर्ष समिति के अध्यक्ष विपिन गोरखा के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में वक्ताओं ने कहा कि एक साथ 8 डॉक्टरों  के तबादले से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित होंगी। उनका आरोप था कि अस्पताल में सभी चिकित्सक सुचारू रूप से सेवाएं दे रहे थे। इसके बावजूद शासन ने स्थानांतरण कर क्षेत्र की जनता को परेशानी में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि दो चिकित्सकों को कार्यमुक्त भी कर दिया गया है। इससे मरीजों की दिक्कतें और बढ़ेंगी।

 

उप जिला अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि अस्पताल से स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मोनिका गिरी, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्ञान प्रकाश, चेस्ट विशेषज्ञ डॉ. रविंद्र बोहरा, निश्चेतक डॉ. चित्रलेखा बोहरा, डॉ. मंजीत सिंह और जिला क्षय नियंत्रण अधिकारी डॉ. सोनाली मंडल सहित कुल 8 चिकित्सकों के तबादले के आदेश प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि डॉ. कृतिका सती और डॉ. देवांशी आर्या को कार्यमुक्त कर दिया गया है। जबकि अन्य चिकित्सकों को भी आदेशानुसार कार्यमुक्त किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान समिति ने सरकार से तबादला आदेश तत्काल निरस्त करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो अस्पताल में तालाबंदी की जाएगी। विरोध प्रदर्शन में राजकिशोर साह, लोकेश पांडेय, भुवन बिष्ट, अजय गोरखा, दीपक साह, कमल किशोर, ललित साह, हरीश उप्रेती सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.