भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने टनकपुर में जताया विरोध, कोतवाल को ज्ञापन सौंप इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे प्रकरण संबंधी वीडियो की जांच की मांग
जौलजीबी मेले के उद्घाटन के दौरान हुड़दंग मचाने और तोड़फोड़ करने पर गुस्से में भाजयुमो
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। जौलजीबी मेले के उद्घाटन के दौरान 14 नवंबर को धारचूला के विधायक हरीश सिंह धामी एवं उनके समर्थकों द्वारा मंच पर तोड़फोड़ एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग करने पर भाजयुमो ने टनकपुर के कोतवाली गेट पर हरीश धामी का पुतला दहन किया। बाद में मोर्चा ने कोतवाल चेतन सिंह रावत को ज्ञापन देकर संबंधित प्रकरण पर इंटरनेट मीडिया में प्रसारित वीडियो की जांच की मांग की।


आज 19 नवंबर को कोतवाली गेट पर कार्यकर्ताओं ने कहा कि हरीश धामी का व्यवहार निंदनीय, अशोभनीय एवं लोकतांत्रिक मर्यादाओं के प्रतिकूल है। विधायक हरीश धामी द्वारा मंच पर हंगामा किया गया, माइक फेंका गया और साउंड सिस्टम से जुड़े कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इतना ही नहीं, सार्वजनिक मंच से प्रदेश के मुख्यमंत्री के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए अमर्यादित टिप्पणी की गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में हर जनप्रतिनिधि को अपनी बात रखने, सरकार की आलोचना करने एवं जनता के मुद्दे उठाने का पूरा अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर मंच पर हंगामा, कर्मचारियों के साथ अभद्रता, सरकारी कार्य में व्यवधान पैदा करना अशोभनीय है। ज्ञापन में इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो एवं उपलब्ध साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। कार्यक्रम स्थल पर हुई तोड़फोड़, कर्मियों के साथ अभद्रता एवं सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के प्रकरण की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।
विरोध प्रदर्शन में भाजयुमो जिलाध्यक्ष मुकेश जोशी, सुमित सिंह नायक, जतिन, सनी यादव, दीपक पांडेय, शैलेंद्र सिंह, मिलन सिंह, राजेंद्र सिंह, मनीष बिष्ट, नीतू बिष्ट, काजल, निर्मला महराना, अनुष्का शर्मा सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे।
© 2026. All Rights Reserved.