पीडि़त टैक्सी चालक की तहरीर पर 4 आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
यात्रियों को कम किराए पर दिल्ली ले जाने वाले चालक को जूतों की माला पहनाकर किया अपमानित
अभद्रता का वीडियो इंटरनेट मीडिया में किया वायरल, गालीगलौज करने व जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का आरोप
टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवराड़ीबैंड के पास की घटना
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट से यात्रियों को कम किराए पर दिल्ली ले जाने वाले एक टैक्सी चालक को अन्य चालकों ने जूतों की माला पहनाकर अभद्रता की सारे हदें पार कर दी। टैक्सी चालक को बेइज्जत करने का मामला इंटरनेट मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस के हाथ पांव फूल गए। चालक की तहरीर पर पुलिस ने चार टैक्सी चालकों के खिलाफ एससी-एसएटी एक्ट के साथ अन्य धाराओं में मामला मुकदमा कर लिया है। आरोपित अभी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए हैं।
पीड़ित की ओर से आज 12 जून को दी गई तहरीर के मुताबिक 10 जून को सवारियां लेकर लोहाघाट से दिल्ली जा रही एक टैक्सी को टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय देवराड़ीबैंड के पास स्थानीय टैक्सी चालकों ने उनके वाहन को रोक लिया और कम किराये पर सवारियां ले जाने को लेकर गाली-गलौच और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और पिटाई की। और जूतों की माला पहनाकर जान से मारने की धमकी दी। यही नहीं उससे रुपये भी मांगे। उनके रुपये न होने की बात कही, तो टैक्सी चालकों ने उसका मोबाइल छीन लिया और जूतों की माला पहनाकर वीडियो बनाया और उसे इंटरनेट मीडिया में डाल दिया। टैक्सी चालक ने कहा कि इससे उसे मानसिक और शारीरिक रूप से कष्ट हुआ है और सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल हुई है। पीड़ित के अनुसार आरोपितों ने पुलिस रिपार्ट नहीं करने की धमकी भी दी।
लोहाघाट के थानाध्यक्ष अशोक कुमार के मुताबिक पीड़ित चालक की तहरीर पर लोहाघाट निवासी वीरेंद्र सिंह, सोबन सिंह, हरीश सिंह बोहरा और मोहन चंद्र के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के साथ आईटी एक्ट और बीएनएस की धारा 352, 351(3), 133, 126, 308 (2)309 (3), 356, 152 (2) में मामला पंजीकृत किया गया है। मामले की जांच सीओ निहारिका कर रही हैं। आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है।
इंसाफ का डीएम ने दिया भरोसा
चंपावत। डीएम मनीष कुमार ने कहा कि जूतों को पहनाने के मामले में इंसाफ दिलाने का आश्वासन दिया। कहा कि नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। टैक्सी चालक के साथ हुए वाकये को लेकर आज 12 जून को पीड़ित के पक्ष में एक संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से मुलाकात की। और कार्रवाई की मांग की। डीएम ने दिल्ली और देहरादून मार्गों पर संचालित व्यावसायिक टैक्सियों की नियमिति चेकिंग और किराए की जांच के परिवहन विभाग को निर्देश दिए हैं।
© 2026. All Rights Reserved.