लोहाघाट के सुंई पऊ गांव में पेयजल किल्लत
कई दिनों से गड़बड़ाई है सप्लाई व्यवस्था
ग्रामीणों की खाली बर्तनों के साथ जल संस्थान कार्यालय के सम्मुख प्रदर्शन की चेतावनी
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। नवंबर का दूसरा हफ्ता, ठंड का मौसम, फिर भी पेयजल की किल्लत। जी हां, लोहाघाट के सुंई पऊ गांव के ये हाल विरोधाभास को ही नहीं दर्शाते हैं, बल्कि विभाग की कार्यक्षमता पर भी सवाल खड़े करते हैं। नतीजा यह कि गांव के लोग गुलदार की दहशत के बावजूद दूरदराज से पानी ढोने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से इस क्षेत्र की पेयजल योजना से नियमित और सुचारू आपूर्ति नहीं हो पा रही है। बकौल ग्रामीण नलों में यदाकदा पानी आ भी रहा है, तो महज 25 से 30 मिनट। वहीं आज मंगलवार को पानी की एक बूंद नहीं टपकी। पेयजल आपूर्ति की ये अनियमितता बीते 1 सप्ताह से है। स्कूली बच्चों से लेकर महिलाएं हैंडपंप, नौले या दूसरे जल स्रोतों से पानी ढोने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने नियमित और पर्याप्त पेयजल नहीं मिलने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
योजना बढ़ी, लेकिन पानी नहीं:
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में सुंई लिफ्ट पेयजल योजना से पूरे सुंई क्षेत्र की करीब 5 हजार की आबादी को पानी दिया जाता था। सुंई खैसकांडे के लिए अलग से पेयजल योजना बनने के बाद से वर्तमान में पऊ, चमनपुर, गलचौड़ा, छमनियां, चनकांडे, सातखाल और डुंगरी क्षेत्र की करीब 3 हजार की आबादी को पानी मिल रहा है। इन सभी क्षेत्रों की आबादी तीन हजार के आसपास है। क्षेत्र के अधिकांश नौले धारों में भी पानी की कमी है। इसके चलते एक दिन भी नल से पानी नहीं आने पर लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। डुंगरी, चनकांडे व छमनियां में लोग हैंडपंप के पानी से गुजारा कर लेते हैं, लेकिन पऊ गांव में हैंडपंप नहीं होने से मुश्किलें आ रही हैं।
हालात न सुधरे, तो करेंगे आंदोलन:
पेयजल किल्लत की इस स्थिति से ग्रामीण परेशान हैं। बसंती देवी, जानकी देवी, सुनीता देवी, गीता देवी आदि का कहना है कि नलों में पानी नहीं आने से वे गुलदार के खौफ के बीच दूरदराज के स्रोतों से पानी ढोने को मजबूर हैं। जिससे तमाम घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने स्थिति में सुधार नहींं होने पर खाली बर्तनों के साथ जल संस्थान कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है।
हर घर नल योजना के कनेक्शन भी अधर में लटके:
सुंई पऊ ग्राम पंचायत में हर घर जल, हर घर नल योजना के कनेक्शन भी नहीं मिल पाए हैं। मुख्य लाइन तो बिछाई गई हैं, लेकिन घरों तक नल नहीं पहुंचे हैं। ऐसे में जल पहुंचने का तो सवाल ही नहीं। ग्रामीणों ने योजना के कनेक्शन जारी कर पेयजल आपूर्ति करने की मांग की है।
क्या कहते हैं अधिकारी:
सुंई लिफ्ट पेयजल योजना से पानी की अनियमित आपूर्ति की शिकायत मिलने पर क्षेत्र के अपर सहायक अभियंता को व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जल जीवन मिशन येाजना के अंतर्गत घरों तक पानी पहुंचाने का काम बजट मिलने के बाद शुरू किया जाएगा।
आरपी डोबाल,
अधिशासी अभियंता,
जल संस्थान, चंपावत।
© 2026. All Rights Reserved.