Thursday May 28, 2026

पूर्णागिरी धाम में मुंडन शुल्क में वसूले के आरोप

ऑन कैमरा श्रद्धालुओं ने लगाए आरोप

देवभूमि टुडे

चंपावत/पूर्णागिरी धाम। देवी धाम या किसी तीर्थ स्थल पर बच्चे का मुंडन कराना शुभ माना जाता है। इससे बच्च स्वस्थ और दीर्घायु होता है। इस मान्यता को मानते हुए पूर्णागिरी धाम में शिशुओं का बड़ी संख्या में मुंडन कराया जाता है। लेकिन देवी धाम में मुंडन के नाम पर लूट मच रही है। निर्धारित शुल्क से 100 प्रतिशत ज्यादा धन वसूला जा रहा है। ये आरोप लगाए हैं अपने बच्चों का मुंडन कराने वाले कई श्रद्धालुओं ने। वैसे मुंडन में ओवर रेटिंग को लेकर मेला शुरू होने के साथ ही लगातार आरोप लगते रहे। 5 बार से अधिक बार इसे लेकर स्थानीय लोगों ने ज्ञापन भी दिए, मगर अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

रुद्रपुर के श्रद्धालु गंगाधर ने अपने दो बच्चों का मुंडन कराया। जिसके लिए उन्हें 680 रुपये देने पड़े। उनका कहना है कि 400 काउंटर में, 200 रुपये नाई ने और 80 रुपये न्योछावर के रूप में देने पड़े। बरेली के ध्रुवपाल को एक बच्चे के मुंडन के लिए 300 रुपये देने पड़े। ये आरोप दोनों श्रद्धालुओं ने ऑन कैमरा लगाए हैं। जाहिर है कि अगर ये आरोप सही हैं, तो मां पूर्णागिरी धाम में बाल मुंडन के नाम पर तीर्थयात्रियों की जेब पर डाका डाला जा रहा है। जिला पंचायत संचालित मेले में मुंडन का शुल्क 151 रुपये है। जबकि वसूले जा रहे हैं 300 से 340 रुपये प्रति मुंडन। वैसे निर्धारित राशि से दोगुने रुपये ऐंठने के अलावा न्योछावर के नाम पर वसूली के आरोप लगे हैं। ठेकेदार जितेंद्र सिंह महर से संपर्क नहीं होने से इन आरोपों को लेकर उनका पक्ष नहीं जाना जा सका।

क्या कहते हैं अधिकारी:

मुंडन में अधिक दाम वसूले जाने वाले आरोपों की जांच कराई जा रही है। शिकायत सही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

कमलेश बिष्ट,

एएमए, जिला पंचायत।

सीएम ने कम कराया था मुंडन शुल्क:

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मई 2024 में मुंडन की कीमतें कम करने के निर्देश दिए थे। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी कमलेश भट्ट ने बताया कि सीएम के निर्देश के बाद 151 रुपये मुंडन शुल्क को कम कर 101 रुपये कर दिया गया था। वर्ष 2025 में भी बाल मुंडन का शुल्क 101 रुपये था। जिला पंचायत को बाल मुंडन शुल्क के रूप में पिछले साल 80.09 लाख रुपये मिले थे। इस बार बाल मुंडन शुल्क 1.32 करोड़ रुपये में जितेंद्र सिंह महर के नाम है। और जिला पंचायत ने 18 प्रतिशत जीएसटी सहित मुंडन शुल्क 151 रुपये निर्धारित किया गया है।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.