Monday Jul 20, 2026

चंपावत प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ ने एडीएम के जरिए डीएम को भेजा ज्ञापन

देवभूमि टुडे

चंपावत। प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ ने दो मीडिया कर्मियों पर बेवजह दबाव बनाने और अस्पताल का माहौल खराब करने का आरोप लगाया है। विरोध में कल 18 जुलाई को जिला अस्पताल में ओपीडी का करीब 30 मिनट के लिए कार्य बहिष्कार किया गया। बाद में चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ ने अध्यक्ष डॉ. धनंजय पाठक के नेतृत्व में एडीएम केएन गोस्वामी के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेज मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया कि दो मीडिया कर्मी कई दिनों से बेवजह मानसिक एवं सामाजिक दबाव बना रहे हैं। एक मीडिया कर्मी पर निजी मामले को लेकर दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। इसकी शुरुआत 2 जुलाई से होने की बात कही गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि 18 जुलाई की पूर्वान्ह अस्पताल परिसर में पहुंचकर बिना तथ्यों की जानकारी लिए चिकित्सकीय कार्यों को गलत ढंग से प्रस्तुत करने और नकारात्मक समाचार प्रसारित करने एवं बदनाम करने की धमकी देकर डॉक्टरों पर बेवजह दबाव बनाने का प्रयास किया। ज्ञापन में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में संयोजक डॉ. शौर्य सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ. गौरांग जोशी, डॉ. अजय कुमार, डॉ. मंजूनाथ, डॉ. नरेंद्र सिंह, डॉ. बैंकटेश द्विवेदी आदि शामिल थे।

पत्रकारों ने खारिज किए आरोप:

पत्रकार सूरी पंत और नंदू पांडेय ने खुद पर लगे आरोपों को गलत बताया। कहा कि न उन्होंने किसी तरह का दबाव बनाया और नहीं कोई गलत खबर प्रसारित की है। पत्रकारद्वय ने कहा कि उन्होंने 18 जुलाई को बाराकोट से आए एक व्यक्ति के एमआरआई नहीं होने को लेकर अस्पताल प्रशासन से जानकारी लेनी चाही। उन्हें जानकारी तो नहीं दी गई, बल्कि अस्पतला की ओर से मिथ्या आरोप लगाए जा रहे हैं। वे इन झूठे आरोपों का मुकाबला करेंगे। साथ ही कहा कि आरोप लगा कर उन्हें आम लोगों की आवाज उठाने से नहीं रोका जा सकता है।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.