85 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ
देवभूमि टुडे
चंपावत/देवीधुरा। सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड पाटी के सुप्रसिद्ध मां वाराही मंदिर, देवीधुरा परिसर में बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व, कृषि, बाल विकास, उद्योग, पशुपालन, उद्यान, आयुर्वेद, होम्योपैथी, शिक्षा एवं ग्राम्य विकास सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाओं एवं समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से 85 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सीय परामर्श दिया गया। 6 दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए। राजस्व विभाग ने 32 प्रमाण पत्र निर्गत किए। कृषि विभाग ने 5 पात्र किसानों को कृषि यंत्र किट वितरित कीं। ग्राम्य विकास विभाग ने 26 बीपीएल एवं अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र बनाए, जबकि समाज कल्याण विभाग ने 6 पेंशन आवेदनों की प्रक्रिया पूरी की। शिविर के दौरान SDM नीतू डांगर ने अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय लोगों को ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी आरएस सामंत, ACMO डॉ. इंद्रजीत पांडे, जिला सेवायोजन अधिकारी आरके पंत, सहायक समाज कल्याण अधिकारी गणेश सिंह सहित क्षेत्रीय ग्राम प्रधान, विभिन्न जन प्रतिनिधि एवं वाराही मंदिर समिति के पदाधिकारी मौजूद थे।
शिविर के आयोजन से देवीधुरा क्षेत्र के ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाओं और योजनाओं का लाभ मिला। शिविर का उद्देश्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना रहा।
रोजगार मेला...26 अभ्यर्थियों का चयन
चंपावत/देवीधुरा। युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन विभाग ने आज मंगलवार को GIC देवीधुरा में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सीएम पुष्कर सिंह धामी के युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगार को बढ़ावा देने के दृष्टिकोण तथा DM मनीष कुमार के दिशा-निर्देशों के क्रम में किया गया।
रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना रहा। जिला सेवायोजन अधिकारी आरके पंत ने बताया कि मेले में प्रतिष्ठित कंपनियों टाटा मोटर्स, पंतनगर तथा क्वैस ग्रुप के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कंपनियों के चयनकर्ताओं ने अभ्यर्थियों की योग्यता का आकलन करने के लिए पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा और साक्षात्कार आयोजित किए। रोजगार मेले में कुल 26 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों को उनकी योग्यता के आधार पर कंपनियों द्वारा अप्रेंटिसशिप के द्वितीय चरण के लिए चयनित किया गया। रोजगार मेले के संचालन में टाटा मोटर्स एवं क्वैस ग्रुप के प्लेसमेंट अधिकारी दिनेश चंद्र, राकेश शर्मा, देवेंद्र सिंह बिष्ट और सेवायोजन कार्यालय के चंद्रशेखर जोशी मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.