13 दिन तक चलेगा देवीधुरा मेला
बगवाल 28 अगस्त को
देवभूमि टुडे
चंपावत/देवीधुरा। 13 दिवसीय मां वाराही धाम देवीधुरा मेला आज 23 अगस्त से शुरू हो रहा है। मेले का श्रीगणेश उत्तराखंड के मंत्री राम सिंह कैड़ा पूर्वान्ह 11 बजे करेंगे। फल-फूलों से खेली जाने वाली बगवाल 28 अगस्त (रक्षाबंधन) को होगी। मेला मजिस्ट्रेट पाटी की एसडीएम नीतू डांगर और मेला अधिकारी जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी अनिल जोशी के मुताबिक मेले की सभी तैयारियां कर ली गई है।
मां वाराही मंदिर को सजाया गया है। मेले की तैयारियों में पीठाचार्य पंडित कीर्ति बल्लभ जोशी, लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, हयात सिंह, खीम सिंह लमगड़िया, ईश्वर सिंह, विनोद जोशी, नवीन राणा, लक्ष्मी दत्त जोशी, योगेश, नरेश सिंह, रोशन लमगड़िया, त्रिलोक सिंह, चंदन सिंह, रमेश राणा आदि जुटे हुए हैं।
परंपरा निभाने को खेली जाती है बगवाल:
4 खाम (चम्याल, गहरवाल, लमगड़िया और वालिग) सहित कुल 7 थोकों के योद्घा रक्षाबंधन के दिन पूजा-अर्चना के बाद फल-फूलों से बगवाल खेलते हैं। माना जाता है कि पूर्व में यहां नरबलि दिए जाने का रिवाज था, लेकिन जब चम्याल खाम की एक वृद्धा के एकमात्र पौत्र की बलि की बारी आई, तो वंशनाश से बचने के लिए बुजुर्ग महिला ने मां वाराही की तपस्या की। देवी मां के प्रसन्न होने के बाद बगवाल की यह परंपरा शुरू हुई। तभी से बगवाल का सिलसिला चल रहा है।

© 2026. All Rights Reserved.