Monday Apr 27, 2026

चंपावत जिले के डुंगरालेटी गांव में पानी, शिक्षा और सड़क की समस्या को लेकर प्रदर्शन

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट ‌नेपाल सीमा से लगे डुंगरालेटी क्षेत्र में पेयजल, शिक्षा और सड़क सुविधा की दुश्वारी झेल रहे लोगों ने आज 25 अप्रैल को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने इन समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। साथ ही मांगें नहीं माने जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

 

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बताया कि क्षेत्र में वर्षों से पेयजल की समस्या बनी हुई है। JJM (जल जीवन मिशन) के तहत शुरू की गई पेयजल योजना अभी तक अधर में लटकी हुई है। इस कारण ग्रामीण नौले और धारों पर आश्रित हैं। शादी जैसे सामाजिक कार्यक्रमों में खच्चरों के जरिए दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।

क्षेत्र में हाईस्कूल के बाद छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए मीलों दूर जीआईसी मडलक जाना पड़ता है। इस कारण कई विद्यार्थी हाईस्कूल के बाद शिक्षा छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।

इसके अलावा स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब स्थिति और खेती को चौपट करने वाले जंगली जानवरों की समस्या भी उठाई। ग्रामीणों ने कहा कि सरकार ने नेपाल सीमा से लगे इस दूरस्थ क्षेत्र की पूरी तरह अनदेखी कर रखी है। कहा कि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। विरोध प्रदर्शन में UKD (उत्तराखंड क्रांति दल) के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष दरबान सिंह रजवार, वरिष्ठ नेता राजेंद्र पुनेठा राजू भैय्या, हरि सिंह, नरेश चंद्र, शंकर सिंह, बहादुर चंद, सुरेश सिंह, हरि चंद, सोबन चंत, लक्ष्मण चंद, चन्द्री चंद, बजीर चंद, भीम चंद, नारायण चंद, केशव चंद आदि मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.