Sunday May 10, 2026

वन विभाग के कार्यालय के सम्मुख किया प्रदर्शन

टनकपुर में पूर्णागिरि मार्ग से लगे उचौलीगौठ और गैडाखाली गांव में हाथियों के खौफ से परेशान हैं ग्रामीण

देवभूमि टुडे

चंपावत/टनकपुर। टनकपुर में पूर्णागिरि मार्ग से लगे उचौलीगौठ और गैडाखाली गांव में हाथियों के खौफ से परेशान ग्रामीणों ने आज 2 मई को वन विभाग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। बाद में उन्होंने ज्ञापन सौंपकर जल्द हाथियों की दहशत से निजात दिलाने की मांग की।

ज्ञापन देते ग्रामीण।

ग्रामीणों ने कहा कि गांवों में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले कुछ दिनों से उचौलीगोठ एवं गैडाखाली में एक अकेला हाथी उत्पात मचा रहा है। फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ वह आवासीय मकानों पर भी हमला कर रहा है। हाथी से ग्रामीणों और पूर्णागिरी श्रद्धालु की सुरक्षा को भी खतरा है। आरोप लगाया गया कि वन विभाग हाथी के आतंक से निजात दिलाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।

साथ ही जगह-जगह खराब पड़ी सोलर फेंसिंग को भी दुरुस्त नहीं किया गया है। उन्होंने एक सप्ताह के अंदर हाथी का आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाने पर फिर से आंदोलन की चेतावनी दी गई है। ज्ञापन में गांव की ओर पत्थरों की ऊंची दीवार बनाने, पूर्णागिरि मार्ग पर सड़क किनारे उगी झाड़ियों को साफ करने की मांग की गई है।

शारदा के वन क्षेत्राधिकारी सुनील शर्मा के मोबाइल नंबर (8394069752) पर संपर्क नहीं होने से विभाग द्वारा उठाए कदमों की जानकारी नहीं मिल सकी। वैसे बता दें कि ये इलाका हाथी कॉरिडोर में आता है। हाथी कॉरिडोर के ये हिस्से बूम, शारदा और दोगाड़ी रेंज में आते हैं।

प्रदर्शन में शामिल थे ये लोग:

त्रिलोक सिंह बोहरा, गणेश सिंह महर, आनंद महर, गीता चंद, जानकी महर, अनीता देवी, गोदावरी देवी, तुलसी देवी आदि।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.