Wednesday Sep 16, 2026

चंपावत जिले की 29वीं वर्षगांठ पर जिले के विकास को लेकर मंथन

आदर्श चंपावत में जन भागीदारी भी जरूरी:DM

देवभूमि टुडे

चंपावत। चंपावत जिले को 29 साल पूरे हो गए। स्थापना दिवस पर आज 15 सितंबर को कलक्ट्रेट में जिले में वर्तमान में हो रहे विकास कार्यों पर चर्चा के साथ विकास की भावी दिशा, उपलब्धियों, संभावनाओं एवं जन आकांक्षाओं को लेकर मंथन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडेय, पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय, चंपावत संघर्ष समिति के अध्यक्ष बसंत तड़ागी एवं DM मनीष कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। गोष्ठी में जन प्रतिनिधियों, नागरिकों, प्रगतिशील किसानों, स्वयं सहायता समूहों, व्यापारियों, पत्रकारों, भूतपूर्व सैनिकों एवं विभागीय अधिकारियों ने जिले के सुनियोजित एवं समग्र विकास को लेकर सुझाव साझा किए।

डीएम ने कहा कि 15 सितंबर 1997 को चंपावत जिले की स्थापना जिस भावना और उद्देश्य के साथ की गई थी, उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए यह जिला विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। जिले में विकास के साथ नवाचार को विशेष प्राथमिकता दी गई है। लिगेसी वेस्ट का निस्तारण, पिरूल ब्रिकेट यूनिट, ज्ञान केंद्र (लाइब्रेरी), ज्ञान सेतु, आंगनवाड़ी केंद्रों में सोलर लाइट तथा दूरस्थ क्षेत्र खिरद्वारी तक बिजली पहुंचाने जैसी पहल इसका उदाहरण हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करते हुए जिला अस्पताल में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट स्थापित की गई है।

वहीं छमनियां, लोहाघाट में राज्य के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, चम्पावत में साइंस सेंटर, गोल्ज्यू कॉरिडोर टनकपुर में आईएसबीटी और शारदा कॉरिडोर सहित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं के जरिए जिले के भविष्य की मजबूत नींव तैयार की जा रही है। इस अवसर पर प्रभारी सीडीओ अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, डीडीओ दिनेश दिगारी, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, डीएचओ योगेश भट्ट सहित पूर्व सैनिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी और अन्य लोग शामिल थे।

 

'विकास कार्य से जिले को मिली नई पहचान'

किसानों, जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने रखे सुझाव

चंपावत। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि आदर्श चंपावत की दिशा में जिले ने महत्वपूर्ण प्रगति की है। दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडेय ने कहा कि तेजी से हो रहे विकास कार्य से जिले को नई पहचान मिल रही है। चंपावत संघर्ष समिति के अध्यक्ष बसंत तड़ागी ने सभी से आदर्श चंपावत के निर्माण में सकारात्मक सोच और सहयोग के साथ भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। ग्राम प्रधान गीता भट्ट, व्यापार संघ अध्यक्ष विकास साहह, प्रगतिशील किसान रघुवर मुरारी, सहकारी कृषि से जुड़े किसान राकेश उपाध्याय और पत्रकार पंकज पाठक ने भी सुझाव रखे।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.