Saturday Nov 14, 2026

जिला पंचायत सदस्य सुनीता जोशी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य सचिन जोशी ने DM व DFO को सौंपा ज्ञापन

4 नवंबर को 13 वर्षीय हर्षित पुजारी को निवाला बना चुका है गुलदार

DM मनीष कुमार को ज्ञापन सौंपते पूर्व जिला पंचायत सदस्य सचिन जोशी।

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट के सुई-पऊ ग्राम पंचायत के डुंगरी क्षेत्र में 13 वर्षीय हर्षित पुजारी को निवाला बनाने वाले गुलदार के अब तक पकड़ में नहीं आ सका है। जिला पंचायत सदस्य पाटन पाटनी सुनीता जोशी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य सचिन जोशी ने खतरे को देखते हुए गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे मारने की मांग की है। कहा कि सुई क्षेत्र में गुलदार का खतरा लगातार बना हुआ है। इस संबंध में उन्होंने DM मनीष कुमार और DFO धीनो पुरुषोत्तमन को ज्ञापन सौंप सुई क्षेत्र के गुलदार को आदमखोर घोषित करने और उसे मारने की संस्तुति के लिए जरूरी कार्रवाई करने की मांग की।

हर्षित पुजारी। (फाइल फोटो)

2 बार दिखा गुलदार लेकिन नहीं चढ़ा हत्थे:

4 नवंबर की रात गुलदार ने 13 वर्षीय हर्षित पुजारी को मौत के घाट उतारा था। घटना के बाद से वन विभाग की टीम ने गुलदार को पकड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया है। वन विभाग की टीम की गश्त के अलावा 7 पिंजरे, 12 कैमरा ट्रैप और 3 लाइव कैमरों लगाए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद उसके हाथ खाली हैं। वहीं उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि गुलदार अब तक 2 बार कैमरे में कैद हुआ है। अलबत्ता पिंजरे में नहीं फंस सका है। विभाग गुलदार को पकड़ने के लिए सभी संभव प्रयास कर रहा है।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.