सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के अंतर्गत गैस पाइप लाइन बिछाने के कार्यों की प्रगति की DM ने की समीक्षा
टनकपुर में अब तक बिछ चुकी 6.127 किलोमीटर गैस पाइपलाइन
पहले चरण में 84 घरेलू कनेक्शन के लिए पूरी हुई फिटिंग
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGU) नेटवर्क से गैस आपूर्ति शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए हैं। आज 15 सितंबर को कलक्ट्रेट में हुई बैठक में उन्होंने गैस आपूूर्ति के लिए जरूरी डीप कंप्रेसर यूनिट (डीसीयू) की स्थापना के लिए जल्द से जल्द जमीन उपलब्ध कराने हेतु वन विकास निगम के साथ समन्वय बनाने के टनकपुर के एसडीएम को निर्देश दिए। डीसीयू के लिए 400 से 500 वर्ग मीटर जमीन की जरूरत है।
टनकपुर विष्णुपुरी कॉलोनी में प्रस्तावित गैस कनेक्शनों से संबंधित लंबित एमओयू और अन्य औपचारिकताओं का शीघ्र निस्तारण कराने की हिदायत दी। डीएम मनीष कुमार ने कहा कि सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क से संबंधित विभाग एवं कार्यदायी संस्था निर्धारित मासिक कार्ययोजना के अनुरूप काम करते हुए हर स्तर पर आने वाली समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

काम करा रही कंपनी गैसोनेट के परियोजना प्रबंधक नीरज जोशी ने बताया कि टनकपुर क्षेत्र में अब तक 6.127 किलोमीटर गैस पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है। पाइपड नेचुरल गैस (पीएनजी) के 84 घरेलू कनेक्शन के लिए फिटिंग का तकरीबन कार्य पूरा कर लिया गया है। बताया गया कि बिछाई गई पाइपलाइन की फ्लशिंग एवं टेस्टिंग के साथ ही कार्की फार्म, वन विकास निगम कॉलोनी और विष्णुपुरी क्षेत्र में कनेक्शन एवं पंजीकरण से संबंधित कार्य किए जा रहे हैं। सितंबर माह में एक किलोमीटर अतिरिक्त पाइपलाइन बिछाने तथा घरेलू कनेक्शनों एवं पंजीकरण की संख्या बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में मौजूद थे ये अधिकारी:
प्रभारी सीडीओ अजय सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, लोनिवि चंपावत खंड के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल, लोहाघाट के ईई मयंकतिवारी, टनकपुर के एसडीएम टनकपुर प्रमोद कुमार आदि।
© 2026. All Rights Reserved.