राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पल्सो के औचक मुआयने में व्यवस्थाओं का
जायजा लेने के साथ ही बच्चों को पढ़ाया भी
देवभूमि टुडे
चंपावत। जिले के प्रशासनिक मुखिया मनीष कुमार आज 28 जुलाई को गुरु की भूमिका में थे। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पल्सो के औचक मुआयने में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद वे कई कक्षाओं में गए और छात्र-छात्राओं को कई विषयों पर पढ़ाया। बच्चों को हड़प्पा सभ्यता की जानकारी दी। बच्चों से पढ़ाई के साथ खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित किया। प्रभारी प्रधानाचार्य अजय कुमार रावत ने विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी दी।



डीएम मनीष कुमार ने विद्यालय में शिक्षकों-छात्रों की उपस्थिति, कमरों की स्थिति, पढ़ाई के स्तर, सफाई, पेयजल, बिजली, पुस्तकालय, शौचालय सहित तमाम व्यवस्थाओं की जानकारी ली। लगातार गैर हाजिर रहने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों से संपर्क करने और ग्रामीण क्षेत्र के सभी बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करने के शिक्षकों को निर्देश दिए। ज्ञान केंद्र (पुस्तकालय), नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता, एमडीएम आदि की व्यवस्था भी देखी। दसवीं की छात्रा पूजा भट्ट ने पुस्तकालय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि इस लाइब्रेरी से पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिल रही है। इस मौके पर शिक्षक नीलाधर जोशी, भावना उपाध्याय, चंद्रवती आदि मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.