DM मनीष कुमार ने उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया
प्रदेश की टॉप-25 वरीयता सूची में चंपावत जिले से हाईस्कूल के 5 तथा इंटरमीडिएट के 6 विद्यार्थियों ने स्थान प्राप्त किया
देवभूमि टुडे
चंपावत। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणामों में चंपावत जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं विद्यार्थियों की कठिन मेहनत के बल पर जिले ने हाईस्कूल में प्रदेश में पांचवां और इंटरमीडिएट में चौथा स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस उपलब्धि पर DM मनीष कुमार ने कलक्ट्रेट में आयोजित सम्मान समारोह में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित करते हुए उनकी सफलता में परिवार की भूमिका की सराहना की।








हाईस्कूल परीक्षा में हिमानी उप्रेती ने 96.20% अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम एवं प्रदेश में सातवां स्थान हासिल किया। वहीं संगीता भट्ट एवं पवन रावत ने 94.60% अंक प्राप्त कर जिले में द्वितीय तथा प्रदेश में 15वां स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त जलज ओली ने 92.80% अंक हासिल कर जिले में तृतीय एवं प्रदेश में 24वां स्थान प्राप्त किया।
इंटरमीडिएट परीक्षा में यश अवस्थी ने 93.80% अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम एवं प्रदेश में 18वां स्थान हासिल किया। रिया चौबे ने 93.20 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में द्वितीय एवं प्रदेश में 21वां स्थान प्राप्त किया। वहीं सांची जोशी एवं मयंक जोशी ने 92.80 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में तृतीय एवं प्रदेश में 23वां स्थान प्राप्त किया। हंसा भट्ट ने 92.60% अंक प्राप्त कर जनपद में चतुर्थ एवं प्रदेश में 24वां स्थान तथा हेमा नायक ने 92.40% अंक प्राप्त कर जनपद में पंचम एवं प्रदेश में 25वां स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर DM ने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्यों एवं करियर योजनाओं पर संवाद किया। उन्होंने छात्रों को NDA, UPSC सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं करियर विकल्पों की जानकारी दी। कहा कि यह सफलता उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जिसे भविष्य के लिए मजबूत आधार बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि कठिन हालात अथवा असफलताओं से निराश हुए बिना निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
मुख्य शिक्षाधिकारी मान सिंह ने बताया कि इस वर्ष हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 94.80% रहा। कुल 2845 परीक्षार्थियों में से 183 विद्यार्थियों ने ऑनर्स के साथ सफलता प्राप्त की। वहीं इंटरमीडिएट में कुल 2450 विद्यार्थियों में से 93.10% छात्र-छात्राएं सफल रहे। प्रदेश की टॉप-25 वरीयता सूची में हाईस्कूल के 5 तथा इंटरमीडिएट के 6 विद्यार्थियों ने स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है।
इस अवसर पर CDO डॉ. जीएस खाती, ADM कृष्णनाथ गोस्वामी, CEO मान सिंह, BEO भारत जोशी, उपखंड शिक्षाधिकारी संजय भट्ट, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं अभिभावक मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.