DM मनीष कुमार ने रौखेत और दुधाताल स्ट्रीम में चेकडैम निर्माण का जायजा लिया
261 लाख रुपये से इस परियोजना में 800 कंटूर, 80 रिचार्ज पिट और 25 चेकडैम बनाए जा रहे हैं
देवभूमि टुडे
चंपावत। DM मनीष कुमार ने रौखेत और दुधाताल स्ट्रीम में चेकडैम निर्माण तत्काल शुरू करने और कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। लघु सिंचाई विभाग द्वारा सारा मद के अंतर्गत संचालित कालसेन–भोलेश्वर परियोजना के स्थलीय निरीक्षण के दौरान आज 24 नवंबर को उन्होंने ये निर्देश दिए। DM ने विभागीय अधिकारियों से परियोजना के तहत पूरे हो चुके और शेष कार्यों की जानकारी ली।




लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विमल कुमार सूंठा ने बताया कि जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए 261 लाख रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना में 800 कंटूर, 80 रिचार्ज पिट और 25 चेकडैम बनाए जाने हैं। इनमें अब 10 रिचार्ज पिट और 23 चेकडैम का निर्माण बाकी है। बताया गया कि परियोजना के तहत बनाए जा रहे कंटूर और चेकडैम वर्षाजल के बहाव को धीमा करने में मदद करेंगे। जबकि रिचार्ज पिट से पानी को जमीन में सोखने और भूजल पुनर्भरण में सहायता मिलेगी। निरीक्षण के दौरान लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विमल कुमार सूंठा, सहायक अभियंता अंकित पांडे और कनिष्ठ अभियंता गरिमा पांडे मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.