DM मनीष कुमार ने पूर्णागिरि मेला क्षेत्र का मुआयना कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया
मुंडन शुल्क ₹150 से अधिक लेने पर होगी कार्रवाई
पूर्णागिरि धाम का मेला 27 फरवरी से शुरू होकर 15 जून तक चलेगा
देवभूमि टुडे
चंपावत/पूर्णागिरि धाम। DM मनीष कुमार ने पूर्णागिरि मेले की तैयारियों का जायजा लिया। आज 22 फरवरी की रात को मेला क्षेत्र का मौका मुआयना कर सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के संबंधित विभागों को निर्देश दिए। पूर्णागिरि धाम का मेला 27 फरवरी से शुरू होकर 15 जून तक चलेगा।
DM ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अगस्त में मानसूनी आपदा में क्षतिग्रस्त धर्मशाला स्वामी बिशनदत्त भट्ट की समस्या को सुन समाधान का भरोसा दिलाया।






DM ने मुंडन करने वाले संचालकों के लिए अधिकतम शुल्क ₹150 निर्धारित करने के निर्देश दिए। निर्धारित दर से अधिक वसूली होने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।
जल निगम को यात्रा मार्ग, प्रमुख पड़ावों एवं शिविर स्थलों पर सुव्यवस्थित पेयजल आपूर्ति के लिए समुचित प्लान तैयार कर समय से पूर्व व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। आवश्यकता अनुसार टैंकर एवं पाइपलाइन व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाए। जल संस्थान को पर्याप्त संख्या में अस्थाई एवं स्थाई शौचालय बना उनकी नियमित सफाई एवं जलापूर्ति सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई।
यात्रा मार्ग पर क्षतिग्रस्त स्थानों पर टाइल्स एवं फर्श की मरम्मत शीघ्र पूर्ण करने हेतु लोनिवि को निर्देशित किया गया, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
भीड़ प्रबंधन के दृष्टिगत संवेदनशील स्थलों पर मजबूत बैरिकेटिंग लगाने और मार्गों को सुव्यवस्थित ढंग से चिन्हित करने के निर्देश भी दिए गए।
संपूर्ण यात्रा क्षेत्र में बिजली के तारों का सुरक्षा ऑडिट कराने, जर्जर एवं ढीले तारों को तत्काल बदलने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अंधेरे स्थानों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त लाइट लगाने को कहा गया।
दुकानदारों को दुकानों का सामान सड़क अथवा यात्रा मार्ग पर बाहर नहीं रखने के निर्देश दिए गए। आवश्यकता अनुसार दुकानों पर कम से कम एक फायर एक्सटिंग्विशर अनिवार्य रूप से रखने की हिदायत दी गई। दुकानों एवं यात्रा मार्ग में लगी जालियों की वेल्डिंग मजबूत करने, गुटखा एवं प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित करने तथा उल्लंघन की स्थिति में तत्काल चालान काटते हुए विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
DM ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं 27 फरवरी से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं और प्रतिदिन मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान पंडित पंकज तिवारी, CDO डॉ. जीएस खाती, ADM कृष्णनाथ गोस्वामी, तहसीलदार जगदीश नेगी, ऊर्जा निगम के EE विजय सकारिया, DDMO देवेंद्र पटवाल, पुलिस, जल निगम, जल संस्थान, विद्युत विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
© 2026. All Rights Reserved.