DM मनीष कुमार ने बूम में मेले की तैयारी बैठक ली
27 फरवरी से शुरू हो 15 जून तक लगेगा पूर्णागिरि मेला
देवभूमि टुडे
चंपावत/पूर्णागिरि धाम। DM मनीष कुमार ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। 27 फरवरी से शुरू होने वाले मां पूर्णागिरि धाम मेले की जिला पंचायत के बूम विश्रामगृह में आज 12 फरवरी को हुई बैठक में तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी बंदोबस्त समय पर पूरा करने की हिदायत दी। कहा कि धाम की आस्था के साथ श्रद्धालु को पूरी सुविधाएं देने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं करने को कहा है।
बैठक से पूर्व DM ने पूर्णागिरि मंदिर यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने विभागों की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी दी। कहा कि पैदल मार्गों पर किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने मेले के दौरान किराया नियंत्रण एवं वाहनों की फिटनेस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आईपी आधारित CCTV सर्विलांस सिस्टम स्थापित करने को कहा। मेला क्षेत्र में स्वच्छता एवं स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और अंतर्गत प्याऊ, वाटर कूलर, टैंकर एवं सोलर हैंडपंप की व्यवस्था करने, अनाधिकृत पेयजल संयोजन समाप्त करने के निर्देश दिए। अस्थाई पथ प्रकाश व्यवस्था, सोलर स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइटों को दुरुस्त करने के साथ ओवरहैंगिंग तारों को व्यवस्थित करने के भी निर्देश संबंधित विभाग को दिए।


मेला अवधि में पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों की तैनाती, ऑक्सीजन सिलिंडर, मोबाइल केयर यूनिट एवं SDRF टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में निर्णय लिया गया कि यात्रा मार्ग में टैक्सी संचालन को सुव्यवस्थित व सुचारू बनाए रखने के लिए सभी टैक्सी यूनियन के वाहनों की सूची और बैच बनाए जाएंगे। भीड़ प्रबंधन को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए पैदल मार्गों पर चैन डिवाइडर लगाने, अनाधिकृत मार्गों पर अस्थाई बैरिकेडिंग करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साइनेज बोर्ड स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, SDM अनुराग आर्य, CO वंदना वर्मा, तहसीलदार जगदीश नेगी, जिला पंचायत के AMA कमलेश बिष्ट के अलावा तमाम अधिकारी, मां पूर्णागिरि मंदिर समिति के सदस्य एवं पुजारी मौजूद थे।
धर्मशालाओं में लगाएं अग्निशमन उपकरण:
DM ने अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत धर्मशालाओं एवं सार्वजनिक स्थलों पर अग्निशमन यंत्र एवं फर्स्ट-एड किट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने और फायर यूनिट एवं फायर वॉचर की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मूल्य नियंत्रण बनाए रखने के लिए रेट लिस्ट जारी करने एवं नियमित निरीक्षण अभियान संचालित करने के को भी कहा।
© 2026. All Rights Reserved.