रिमोट एक्सेस से सॉल्व करा रहे थे SSC MTS पेपर
परीक्षा पास कराने के लिए हर अभ्यर्थी से वसूले 10-10 लाख
देवभूमि टुडे
देहरादून। उत्तराखंड की STF (स्पेशल टास्क फोर्स) ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो SSC MS (Staff Selection Commission - Multi-Tasking (Non-Technical) Staff) भर्ती परीक्षा में छात्रों को पास करवाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने आज शनिवार को हाई टेक नकल गिरोह का पर्दाफाश कर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

उत्तराखंड STF के पुलिस महानिरीक्षक नीलेश आनंद भरणे ने शनिवार को देहरादून में पत्रकार वार्ता में बताया कि उत्तराखंड STF और UP STF की संयुक्त कार्रवाई में देहरादून के महादेव डिजिटल जोन (परीक्षा केंद्र) में छापेमारी के बाद गिरोह का भंडाफोड़ हुआ। पूछताछ में पता चला कि यह गिरोह अभ्यर्थियों को पास कराने की एवज में 10 से 15 लाख रुपये की मांग करता था। गिरोह के सदस्य अभ्यर्थियों को SSC परीक्षाओं में सफलता की गारंटी का दावा करते थे। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद परीक्षा केंद्र को सील कर दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक परीक्षा केंद्र पर मल्टी-टास्किंग (ग्रुप-सी) परीक्षा के दौरान फर्जी आईपी (IP) एड्रेस का इस्तेमाल करके ऑनलाइन परीक्षाओं को बाईपास किया गया था। छापेमारी के दौरान परीक्षा केंद्र में UPS रूम में एक खुफिया भूमिगत चैंबर मिला, जहां छिपाकर रखे गए लैपटॉप और राऊटर से रिमोट एक्सेस (कहीं और बैठे व्यक्तियों द्वारा) लेकर अभ्यर्थियों के प्रश्न पत्र हल किए जा रहे थे। पुलिस ने उप्र के देवरिया के नीतिश कुमार और भास्कर नैथानी निवासी नथुवावाला देहरादून को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम 2023, BNS की विभिन्न धाराओं और IT ऐक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
© 2026. All Rights Reserved.