टनकपुर क्षेत्र में चोरियों की बढ़ती वारदातों से लोगों की फिक्र बढ़ी
पूर्णागिरी मार्ग पर खड़े 4 टिप्पर वाहनों से अज्ञात चोरों ने कॉपर तार और डीजल चोरी
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। पूर्णागिरी मार्ग पर खड़े 4 टिप्पर वाहनों से चोरों ने कॉपर तार और डीजल चोरी कर लिया। वाहन स्वामी सुनील चौहान ने तहरीर देकर चोरी का खुलासा करने का आग्रह किया है।
तहरीर के मुताबिक रविवार की रात चोरों ने पूर्णागिरी मार्ग पर स्थित वन निगम डिपो के पास सड़क किनारे खड़े 4 टिप्पर (यूके 03 सीए-6969, यूके 09 सीए-1359, यूके 05-सीए 1908 एवं यूके 08 सीए-3455) से कुछ चोरों ने रविवार की रात तांबे का और डीजल चुरा लिया। दो वाहनों में से कॉपर तार और दो वाहनों में से डीजल चोरी किया गया है। पुलिस के मुताबिक 4 वाहनों से कॉपर तार और डीजल चोरी की तहरीर मिली है। सीसीटीवी की मदद से जांच की जा रही है।
वहीं टनकपुर क्षेत्र में लगातार हो रही अपराधिक वारदातों ने लोगों की नींद उड़ा रखी है। पूर्व में इसी तरह की कई चोरियां हो चुकी हैं। कुछ दिन पहले छीनीगोठ क्षेत्र में में 5 वाहनों से एक ही दिन में गाड़ी में लगे कॉपर के तार चोरी हो गए थे। शारदा कॉरिडोर क्षेत्र में एक माह पूर्व एक कार्मिक केट्रक से रात के समय मोबाइल और गैस सिलेंडर चोरी हो गए थे लेकिन इनमें से किसी का भी खुलासा अभी तक नहीं हो सका है।
नकदी व जेवरात चोरों का भी पता नहीं...पुलिस टीम गठित
चंपावत/टनकपुर। टनकपुर के सैलानीगोठ गांव में 16-17 सितंबर से एक पूर्व सैनिक के घर में चोरों ने धावा बोल नकदी और लाखों रुपये के जेवरात उड़ा लिए थे। गृह स्वामी बसंत राम की तहरीर के आधार पर टनकपुर कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 (ए) और 331 (4) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था। कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि नकदी व जेवरात चोरी के मामले का खुलासा करने के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। अन्य चोरियों के मामलों के आरोपियों तक पहुंचने के लिए भी पुलिस जुटी है। मामलों का जल्द खुलासा होगा।
© 2026. All Rights Reserved.