कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा के सामने भिड़े कांग्रेसी, मंच पर सम्मान न मिलने से भड़के मुन्ना ढेक समर्थक
नाराज मुन्ना ढेक ने खुशाल सिंह अधिकारी को टिकट देने पर निर्दलीय चुनाव लड़ने का किया ऐलान
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में जोश भरने और मतदाताओं को रिझाने के लिए लोहाघाट में आयोजित कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की जनसभा अंदरूनी गुटबाजी की भेंट चढ़ गई। मंच पर सम्मान न मिलने और भाषण का अवसर न देने से वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मुन्ना ढेक के समर्थक भड़क गए। जैसे ही कार्यक्रम समाप्त हुआ, प्रदेश प्रभारी सैलजा व अन्य वरिष्ठ नेताओं के सामने ही मुन्ना ढेक और विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के समर्थकों में तीखी नोंकझोंक हो गई। स्थिति ऐसी बन गई कि विधायक को किसी तरह वहां से निकलना पड़ा। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक माहौल गरमाया रहा।

बताया गया कि जनसभा को सफल बनाने के लिए मुन्ना ढेक अपने समर्थकों और बड़ी संख्या में लोगों के साथ पहुंचे थे, लेकिन मंच पर मुन्ना ढेक को बोलने का अवसर नहीं दिया गया। उनके समर्थकों का आरोप है कि मुन्ना ढेक को किसी नेता को सम्मानित कराने का मौका भी नहीं मिला। इसे समर्थकों ने अपने नेता का अपमान बताया। इसी बात को लेकर कार्यकर्ता नाराज हो गए और कार्यक्रम के बाद विवाद की स्थिति पैदा हो गई।
कांग्रेस नेता मुन्ना ढेक ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए उन्होंने पूरी ताकत लगाई और बड़ी संख्या में जनता को कार्यक्रम में पहुंचाया, लेकिन मंच पर उन्हें सम्मान तो दूर, अपनी बात रखने तक का अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके माध्यम से किसी नेता को सम्मानित भी नहीं करवाया गया। उन्होंने कहा कि यदि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में खुशाल सिंह अधिकारी को कांग्रेस से टिकट दिया जाता है, तो वह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगे।
© 2026. All Rights Reserved.