चंपावत के सल्ली गांव के फर्जी गैंग रैप मामले का फॉलोअप
कांग्रेस नेता के अलावा एक अन्य व्यक्ति भी गिरफ्तार
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत के सल्ली गांव के फर्जी गैंग रैप मामले में साजिश रचने के आरोप में कांग्रेस के प्रदेश सचिव आनंद महरा को गिरफ्तार कर लिया गया है। महरा के अलावा पुलिस ने एक अन्य आरोपी बबलू राम निवासी गुरखोली मंच चंपावत को भी गिरफ्तार किया है। अदालत में पेश किया गया। जहां से दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में पिथौरागढ़ जेल भेज दिया गया। इस मामले में अब तक मुख्य साजिशकर्ता कुल 4 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।


पुलिस के मुताबिक नाबालिग दुष्कर्म प्रकरण में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सुनियोजित साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस की जांच के मुताबिक कुछ लोगों ने नाबालिग बालिका को मोहरा बनाकर पुरानी रंजिश के चलते 3 व्यक्तियों को दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले में फंसाने की योजना बनाई थी। इस मामले में चंपावत कोतवाली में अपराध संख्या 15/26 व 16/26 पंजीकृत की गई थी। विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य तथ्यों के आधार पर आनंद सिंह महरा (निवासी ग्राम भामा, थाना गंगोलीहाट, पिथौरागढ़ हॉल निवासी फागपुर बनबसा) के अलावा साजिश में शामिल दो और व्यक्तियों के नाम (बबलू राम निवासी गुरखोली, मंच व राहुल रावत निवासी सल्ली चंपावत) सामने आए थे।
इसी क्रम में नामजद आरोपी आनंद सिंह महरा को पूछताछ के बाद विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया गया। वहीं संकलित साक्ष्यों के आधार पर एक अन्य आरोपी बबलू राम को भी गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले दो अन्य आरोपियों मुख्य साजिशकर्ता कमल रावत और उसकी महिला मित्र अर्जिता राय को पुलिस ने 8 मई को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बीएस बिष्ट, एसओजी कमलेश भट्ट, वरिष्ठ उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह, उप निरीक्षक प्रकाश भट्ट, राजेश जोशी, अपर उप निरीक्षक गणेश बिष्ट, हेड कांस्टेबल ललित श्रीवास्तव, कांस्टेबल गिरीश बिष्ट, ललित चौधरी और कुलदीप सिंह शामिल थे।
ये था मामला:
6 मई को एक व्यक्ति ने चंपावत कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 5 मई की रात उसकी 16 साल की बेटी के साथ 3 लोगों ने गैंग रैप किया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने 3 लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज किया था। लेकिन गैंग रैप के आरोप पुलिस की जांच में झूठे पाए गए। जिसके बाद पुलिस ने फर्जी गैंग रैप के साजिशकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। अब तक इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता कमल सिंह रावत, उसकी महिला मित्र अर्जिता राय, कांग्रेस नेता आनंद सिंह महरा और बबलू राम को गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
अब तक का घटनाक्रम:
1.5-6 मई की रात सल्ली गांव में 16 वर्षीय नाबालिग के साथ दरिंदगी का सनसनीखेज मामला सामने आया था।
2.पुलिस ने नाबालिग के पिता की तहरीर के आधार पर नामजद पूर्व ग्राम प्रधान व भाजपा मंडल उपाध्यक्ष पूरन सिंह रावत, विनोद सिंह रावत और नवीन सिंह रावत के खिलाफ 6 मई को प्राथमिकी दर्ज की थी।
3.पुलिस ने मामले की विवेचना के बाद 7 मई की शाम को नाबालिग के साथ दरिंदगी की घटना को फर्जी बताया था। कहा कि यह पूरा प्रकरण बदले की भावना से रची साजिश थी।
4.साजिश रचकर झूठी प्राथमिकी दर्ज कराने के आरोप में सल्ली निवासी कमल रावत, कनलगांव निवासी उसकी महिला मित्र अर्जिता राय और बनबसा निवासी कांग्रेस प्रदेश सचिव आनंद सिंह महरा के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज हुई। पुलिस ने 8 मई को कमल रावत और अर्जिता राय को जेल भेज दिया।
5.साजिश में शामिल अन्य नामजद आरोपी कांग्रेस के प्रदेश सचिव आनंद सिंह महरा और बबलू राम को पुलिस ने आज 13 मई को गिरफ्तार कर लिया। अलबत्ता पुलिस एक अन्य आरोपी राहुल रावत की अभी तलाश कर रही है।
© 2026. All Rights Reserved.