Sunday Nov 29, 2026

पूर्व विधायक मयूख महर सहित कई कांग्रेस नेताओं ने किया आनंद का स्वागत

POCSO के आरोप 13 मई से न्यायिक हिरासत में आनंद सिंह महरा को हाई कोर्ट से 26 नवंबर को मिली थी बेल

देवभूमि टुडे

चंपावत/पिथौरागढ़। चंपावत में नाबालिग से कथित दुष्कर्म के मामले में साढ़े 7 माह जेल में बंद आनंद सिंह महरा आज 28 नवंबर को पिथौरागढ़ जिला कारागार से रिहा हो गए। नैनीताल उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई हुई है। जमानत पर रिहा हुए महरा के खिलाफ निचली अदालत में मामला चलता रहेगा। जेल से बाहर निकलने पर पिथौरागढ़ के विधायक मयूख महर के नेतृत्व में आज शनिवार को कई कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया। माल्यार्पण करने के साथ ही बुके से आनंद महरा का स्वागत किया गया।

जेल से जमानत पर रिहा होने पर बुकें भेंट करते विधायक मयूख महर।

विधायक मयूख महर ने कहा कि आनंद महरा को बिना किसी अपराध के 7 माह से अधिक समय तक जेल में रहना पड़ा। उन्होंने कहा कि बिना किसी अपराध के इतने लंबे समय तक जेल में रखने की घटना निंदनीय है। महर ने आनंद महरा को आश्वस्त किया कि वह आगे जो भी कदम उठाएंगे, उसमें कांग्रेस उनके साथ खड़ी रहेगी और पूरा सहयोग करेगी। इस मामले में 27 नवंबर को पिथौरागढ़ के दौरे पर गए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रतिक्रिया देते हुए आनंद माहरा को उच्च न्यायालय से जमानत मिलने को सरकार के मुंह पर तमाचा बताया था।

बता दें कि आनंद सिंह महरा सहित 4 लोगों के खिलाफ चंपावत कोतवाली में POCSO अधिनियम की कई धाराओं, आपराधिक साजिश सहित अन्य कई धाराओं के तहत 7 मई को मुकदमा दर्ज किया गया था। महरा 13 मई से न्यायिक हिरासत में जेल में बंद थे। 






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.