Tuesday Sep 1, 2026

कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में लोहाघाट थाने में तहरीर दी

श्रीराम धर्मार्थ सेवा न्यास के अध्यक्ष गिरीश चंद्र पांडेय और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

देवभूमि टुडे

चंपावत/लोहाघाट। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खडग़े की हल्द्वानी जनसभा के बाद रामलीला मैदान में कथित शुद्धिकरण किए जाने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। कांग्रेस ने इसे अनुसूचित जाति का अपमान और संविधान की भावना के खिलाफ बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। पार्टी जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में सोमवार को कार्यकर्ताओं ने लोहाघाट थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।

8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में अनुसूचित जाति से आने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा हुई थी। आरोप लगाया कि जनसभा के दो दिन बाद 10 अगस्त को श्रीराम धर्मार्थ सेवा न्यास के अध्यक्ष गिरीश चंद्र पांडेय और 15 अज्ञात लोगों ने कार्यक्रम स्थल पर यज्ञ किया और गंगाजल का छिड़काव कर कथित रूप से शुद्धिकरण किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस तरह का कृत्य देश की जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अनुसूचित जाति समाज का घोर अपमान है। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान मोहन सिंह ढेक उर्फ मुन्ना ढेक, शैलेंद्र राय, लोकेश पांडेय, हरीश राय, जीवन सिंह बिष्ट, आशीष बिष्ट, पवन ढेक, अनिल कुमार, सचिन सिंह माहरा, गणेश सिंह, रंजीत सिंह और विनोद माहरा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

लोहाघाट थाने में तहरीर देते कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल एवं अन्य कार्यकर्त।

8 अगस्त से अब तक  का घटनाक्रम:

8 अगस्त: हल्द्वानी रामलीला मैदान में कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली में अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संबोधित किया।

10 अगस्त: मैदान में हवन और कथित शुद्धिकरण। कांग्रेस ने इसे जातिगत भेदभाव बताया।

13 अगस्त:खड़गे ने राज्यसभा में उठाया मुद्दा। विवाद राष्ट्रीय मंच पर पहुंचा।

14 अगस्त और इसके बाद: कांग्रेस ने मुद्दे को दलित सम्मान और संविधान से जोड़ा।

29 अगस्त:राहुल गांधी ने दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एफआईआर के निर्देश देने की मांग की।

30 अगस्त:कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित वरिष्ठ नेताओं के दिल्ली बुलाए गए। आगे की रणनीति पर मंथन।

31 अगस्त:कांग्रेस ने प्रदेश के सभी जिलों में कथित शुद्धिकरण के खिलाफ थानों में तहरीर दी।

तहरीर।






Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.