लोहाघाट में गरजे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष
कांग्रेस की सरकार बनने पर समाप्त होगी अग्निवीर योजना पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाएगी
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प यात्रा आज 29 जून को लोहाघाट पहुंची। नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए यात्रा नगर पालिका चौराहे पहुंची, जहां से ढोल-नगाड़ों के साथ रैली रामलीला मैदान तक निकाली गई। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने पुष्पवर्षा की गई। रामलीला मैदान में आयोजित सभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं नेे प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का फूल-मालाओं, शॉल ओढ़ाकर तथा हनुमान गदा भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने कांग्रेस में शामिल भी हुए।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। सरकार जनता को आर्थिक रूप से कमजोर बनाने का काम कर रही है। भाजपा धर्म को राजनीति से जोड़कर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण के लिए एकत्रित ईंटों और लगभग 200 करोड़ रुपये के दान का हिसाब नहीं दिया गया। कांग्रेस की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना समाप्त की जाएगी और पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाएगी।
साथ ही उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों को लेकर सरकार को घेरते हुए युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने लोगों से 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रत्येक विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाने तथा 2029 में केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया।





धारचूला के विधायक हरीश सिंह धामी ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान का राजनीतिक लाभ उठा रही है। लोहाघाट के विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन देने में विफल रही है। जबकि प्रदेश में दर्जा राज्यमंत्री बनाने की होड़ लगी हुई है। पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर नाकाम बताया।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अमर सिंह कोटियाल की अध्यक्षता और शैलेंद्र राय के संचालन में हुई सभा में ब्लॉक प्रमुख शंकर सिंह अधिकारी, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष सक्षम अधिकारी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख भगीरथ भट्ट, जिला पंचायत सदस्य अशोक माहरा, चांद सिंह बोहरा, नंदाबल्लभ बगौली, डॉ. महेश ढेक, पूर्व जिलाध्यक्ष पूरन सिंह कठायत, प्रहलाद सिंह अधिकारी, महेश भट्ट, प्रकाश माहरा, मनोज सामंत, जितेंद्र साह, भुवन चौबे, शंकर सिंह बोहरा, सुरेश ढेक, संजय जोशी, चतुर सिंह, जगदीश जोशी, उमेश खर्कवाल, आयुष गोस्वामी, अजय बिष्ट, लोकेश पांडेय, अजय गोरखा, खड़क सिंह, निर्मला गहतोड़ी, भवानी टम्टा, विमला माहरा, देवकी ओली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद थे।
नदारद रहे जिलाध्यक्ष फर्त्याल:
चपावत/लोहाघाट। 28 जून से शुरू हुए कांग्रेस के परिवर्तन संकल्प सम्मेलन ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सरकार पर खूब हमलावर रहे, लेकिन इसी सम्मेलन के दूसरे दिन आज 29 जून को लोहाघाट में जिलाध्यक्ष नदारद रहे। कांग्रेस के प्रदेश मुखिया के कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष का गैर हाजिर रहना संगठन में खींचतान की ओर इशारा करता है। लोहाघाट विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक खुशाल सिंह अधिकारी है। ऐसे में कांग्रेस जिलाध्यक्ष की अनुपस्थिति राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना है।
वहीं जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल का कहना है कि वे बेहद आवश्यकीय कार्य के चलते लोहाघाट में उपस्थित नहीं रह सके। वैसे कल 28 जून को चंपावत में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के कार्यक्रम में उन्होंने सहभागिता की थी।
© 2026. All Rights Reserved.