भाजपा के चंपावत जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत ने कहा कि हरीश धामी के खिलाफ कड़ी कारवाई जरूरी
जौलजीबी मेले के उद्घाटन मौके पर 14 नवंबर को तोड़फोड़, गालीगलौज, अभद्रता का धारचूला के विधायक पर है आरोप
देवभूमि टुडे
चंपावत। कांग्रेस के धारचूला के विधायक हरीश धामी का जौलजीबी मेले के उद्घाटन मौके पर 14 नवंबर को मुख्यमंत्री के जाने के बाद की गई तोड़फोड़, अभद्रता, गालीगलौज, अमर्यादा सरेआम गुंडागर्दी थी। चंपावत के विधायक एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए की गई टिप्पणी आपत्तिजनक और बेहद निंदनीय है। उन पर कड़ी कारवाई की जानी चाहिए। ये कहना है भाजपा के चंपावत जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत का।

उन्होंने कहा कि कहा कि साढ़े चार साल तक कोई काम न करने वाले और जनता से दूरी बनाए रखने वाले विधायक चुनाव करीब आते ही आपा खो बैठे है। जौलजीबी मेले में उन्होंने मंच से खुलेआम अराजकता और गुंडागर्दी कर मेले की संस्कृति को भी तार-तार कर दिया। सामंत ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी संभावित हार से बौखलाए विधायक हरीश धामी न्यूनतम मर्यादा और शब्दों का संयम भी भूल गए हैं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि चंपावत में जीत का रिकॉर्ड बनाने वाले मुख्यमंत्री के खिलाफ कांग्रेस विधायक की भाषा उनके संस्कारों को बताती है। हरीश धामी को जनता उनके किए की सजा जरूर देगी।
© 2026. All Rights Reserved.