चंपावत जिले में स्कूल खुलने-बंद होने के समय में दो बार बदलाव से हुआ असमंजस
शिक्षक-कर्मचारी संगठनों के विरोध के बाद कल रात वापस लिया संशोधित आदेश
अब विद्यालय पूर्व की तरह 7:15 बजे से 1:00 बजे तक खुलेंगे
देवभूमि टुडे
चंपावत। मौसम के कारण स्कूल बंद होने देर से जानकारी मिलने की वजह से कल 2 जुलाई को कई स्कूलों के छात्र-छात्राएं घर से स्कूल के लिए निकल गए। और एक बार फिर एक दिन बाद 3 जुलाई को समय पर सूचना न मिलने का खामियाजा विद्यार्थियों, शिक्षकों व कर्मियों को भुगतना पड़ा। इस बार ये रद्दोबदल मौसम की वजह से नहीं, बल्कि स्कूलों के खुलने-बंद करने की समयावधि को लेकर था।
शिक्षा विभाग ने कल एक आदेश जारी किया था, जिसमें 3 जुलाई से जिले के इंटर तक के सभी स्कूल सुबह 8:50 बजे से शाम 3:10 बजे तक संचालित होने थे। शिक्षक एवं कर्मचारी संगठनों की आपत्ति के बाद रात को इस आदेश को संशोधित कर विद्यालय खोलने-बंद करने का समय पूर्व (7:15 से 1:00 बजे तक) की तरह कर दिया गया। लेकिन संशोधित आदेश की जानकारी देर से होने से कई स्कूलों के बच्चे, शिक्षक एवं कार्मिक बदले हुए समय 8:50 बजे से 3:10 बजे के अनुरूप स्कूल पहुंचे।
उत्तरांचल (पर्वतीय) कर्मचारी शिक्षक संगठन के अध्यक्ष नागेंद्र जोशी, जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संगठन के अध्यक्ष रमेश सिंह देव, राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह अधिकारी, सचिव प्रकाश चंद्र उपाध्याय, राजकीय प्राथमिक शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष उत्तम फर्त्याल, फेडरेशन ऑफ़ मिनिस्ट्रियल सर्विसेज एसोसिएशन के जिला सचिव जीवन चंद्र ओली, एजुकेशनल मिनिस्ट्रियल ऑफिसर्स एसोसिएशन के जिला सचिव हिमांशु मुरारी आदि ने समय में बदलाव पर आपत्ति की। उन्होंने संशोधित आदेश को निरस्त कर विद्यालयों को पूर्व की समय सारिणी से संचालित करने की मांग की। कहा कि शीतकालीन और ग्रीष्मकालीन विद्यालयों को संचालित करने का शासन का आदेश पूर्व से ही निर्गत है, जिस पर बिना ठोस आधार के परिवर्तन करना औचित्य पूर्ण नहीं है। शिक्षा अधिकारी ने प्रशासन को संगठन की मांग की जानकारी दी। जिसके बाद कल रात करीब 9:30 बजे आदेश में संशोधन कर पूर्व की तरह ही स्कूलों को संचालित करने का आदेश दिया गया।
क्या कहते हैं अधिकारी:
खराब मौसम में स्कूलों को बंद करने की जानकारी समय पर पहुंचे, इसके लिए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया था, लेकिन शिक्षक कर्मचारी संगठनों ने इस पर एतराज किया। जिसके बाद स्कूल खुलने-बंद होने के समय में किया गया संशोधन वापस ले लिया गया।
मान सिंह,
मुख्य शिक्षाधिकारी, चंपावत।

© 2026. All Rights Reserved.