Saturday Aug 22, 2026

रोडवेज की चेकिंग टीम पर सामान का वजन अधिक दर्शाने और मनमानी का लगाया आरोप

परिवहन निगम के उपमहाप्रबंधक को भेजा शिकायती पत्र

देवभूमि टुडे

चंपावत। रोडवेज की यातायात टीम की चेकिंग एवं कार्रवाई को लेकर परिचालक ने सवाल खड़े किए हैं। परिचालक शंकर गहतोड़ी ने परिवहन निगम के उप महाप्रबंधक देहरादून से इसे लेकर शिकायत की है। शिकायत में कुछ विभागीय कर्मचारियों पर चेकिंग के दौरान मनमानी, सामान का वजन अधिक दर्शाने, चालान संबंधी कार्रवाई में दबाव बनाने और मानसिक उत्पीड़न किए जाने के आरोप लगाए गए हैं।

शिकायत के मुताबिक 24 जुलाई को लोहाघाट डिपो के सहायक यातायात निरीक्षक आशा प्रसाद, सर्वेश कुमार एवं टनकपुर के चंद्रशेखर पांडेय ने नानकसागर क्षेत्र में बस संख्या- यूके 06-1865 की चेकिंग की थी। आरोप है कि बस में यात्रियों के साथ घरेलू उपयोग का करीब 9.5 किलोग्राम सामान था। जबकि कार्रवाई के दौरान इसे 50 किलोग्राम दर्शाया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि बाद में सामान का वजन कराने पर 9.5 किलोग्राम ही निकला। इसकी तस्दीक वजन की पर्ची, बिल और वीडियो से की गई है। 

शिकायतकर्ता के अनुसार चेकिंग के दौरान चालक पर चालान संबंधी दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया गया। आरोप लगाया कि कार्रवाई का विरोध करने पर कथित रूप से नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित चेकिंग टीम निजी वाहन से मार्ग पर चेकिंग के लिए जाती हैं और ईंधन खर्च की कथित रूप से मार्ग से ही वसूली करते हैं। परिचालक ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

क्या कहते हैं अधिकारी:

रोडवेज परिचालक ने यातायात विभाग की टीम की शिकायत परिवहन निगम के उप महाप्रबंधक को भेजी है। आज ही उन्हें भी शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कराई जा रही है। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आलोक बनवाल,

मंडलीय प्रबंधक, टनकपुर।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.