Monday Aug 17, 2026

प्रशासन और शिक्षा विभाग की अपील-शॉर्टकट के बजाय पैदल पुलिया से आवाजाही करें ककनई क्षेत्र के छात्र-छात्राएं

ककनई में 13 लाख की लागत से बनाई गई थी पैदल पुलिया

देवभूमि टुडे

चंपावत/ककनई। ककनई राजकीय इंटर कॉलेज जाने वाले कई बच्चे 1 किलोमीटर की दूरी बचाने के लिए खतरनाक शॉर्टकट रास्तों से गुजर रहे हैं। ये नौबत पैदल पुलिया होने के बावजूद है। इसे लेकर शिक्षा विभाग और प्रशासन ने बच्चों को अगाह किया है। कहा कि शॉर्टकट रास्ता खतरनाक है।  खंड शिक्षाधिकारी भारत जोशी ने छात्र-छात्राओं से शॉर्टकट के बजाय पैदल पुलिया से आवाजाही करने की अपील की है।

पैदल पुलिया।

ग्राम पंचायत ककनई के तलाई गधेरे से सुरक्षित रूप से आवाजाही करने के लिए बूंगा दुर्गापीपल तोक से ककनई जीआईसी तक पैदल पुलिया ज्ञान सेतु अभियान के अंतर्गत 13 लाख रुपये की लागत से पुनर्निर्माण कार्य पूर्व में ही कराया जा चुका है। 

ककनई जीआईसी के प्रधानाचार्य गणेश सिंह एवं स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ छात्र-छात्राएं 1 किलोमीटर की दूरी बचाने के लिए निर्धारित सुरक्षित मार्ग के बजाय शॉर्टकट रास्तों का उपयोग करते हैं। बरसात के दौरान गधेरे एवं नदी का जलस्तर बढ़ने पर ऐसे रास्तों से आवागमन करना खतरनाक है। खंड शिक्षाधिकारी भारत जोशी ने  छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि बरसात के मौसम में केवल निर्धारित एवं सुरक्षित मार्ग से ही आवागमन करें। अनावश्यक रूप से दुर्गम, नदी-नालों अथवा ऐसे रास्तों का प्रयोग न करें, जो आवागमन के लिए निर्धारित नहीं हैं।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.