12 साल के बच्चे को 3 माह पहले कुत्ते ने काटा था
इलाज नहीं कराया, 5 दिन पहले तबीयत बिगड़ी
हल्द्वानी अस्पताल जाते वक्त लोहाघाट में हुई धारचूला के मोहित धामी की मौत
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट/पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले के 12 साल के एक बच्चे की रेबीज से मौत हो गई। बच्चे को 3 महीने पहले कुत्ते ने काटा था। हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किए गए बच्चे की रास्ते में हालत बिगड़ी और लोहाघाट के पास मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक धारचूला के जुम्मा गांव के मोहित धामी (12) पुत्र राम सिंह धामी को करीब 3 माह पहले एक कुत्ते ने काट लिया था। कुत्ते की काटने की जानकारी मोहित ने परिजनों को नहीं दी थी। 5 दिन पहले मोहित की एकाएक तबीयत बिगड़ने लगी। आज 23 मई को परिजन मोहित को पिथौरागढ़ जिला अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए मोहित को हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया। हल्द्वानी ले जाते वक्त रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर आपात सेवा 108 की एंबुलेंस का स्टाफ बच्चे को लोहाघाट उप जिला अस्पताल लाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्चे की मौत हो चुकी थी। चिकित्साधीक्षक डॉक्टर विराज राठी ने बताया अस्पताल मे बच्चे की ईसीजी आदि जांच की गई, पर बच्चे की पहले ही मौत हो चुकी थी। मोहित के पिता मजदूर हैं। छात्र के शव को वापस पिथौरागढ़ ले जाया गया।
कुत्ते के काटे को हल्के में न लें:
रेबीज एक जानलेवा वायरल संक्रमण है, जो मुख्य रूप से कुत्ते, बिल्ली, बंदर सहित अन्य संक्रमित जानवरों के काटने या खरोंचने से फैलता है। लक्षण दिखने के बाद इसका इलाज लगभग असंभव है। यह बीमारी 100% घातक हो सकती है। इसलिए जोखिम होने पर तुरंत रेबीज-रोधी टीका लगवाना ही बचाव का एकमात्र उपाय है। यदि किसी कुत्ता, बिल्ली या बंदर ने काटा या खरोंचा है, तो तुरंत घाव को बहते पानी और साबुन से 15 मिनट तक धोएं और नजदीकी सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में जाकर एंटी-रेबीज़ वैक्सीन (Anti-Rabies Vaccine) का पूरा कोर्स लें।
© 2026. All Rights Reserved.