मुख्यमंत्री ने बनबसा में 11 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा का किया अनावरण
'नशामुक्ति सदभावना दौड़' को दिखाई हरी झंडी
देवभूमि टुडे
चंपावत/बनबसा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा में नशामुक्त देवभूमि उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से आयोजित 'नशामुक्ति सद्भावना दौड़' कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने दौड़ में हिस्सा ले रहे बालक-बालिकाओं की दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने युवाओं से नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहकर स्वस्थ, नशामुक्त और सशक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने पाटनी तिराहे पर स्थित 11 फीट ऊंची भव्य हनुमान प्रतिमा का अनावरण किया और 'सुंदरकांड पाठ' में शामिल हुए। इस दौरान 'जय श्री राम कीर्तन मंडल' ने भजन संध्या का आयोजन किया।
मुख्यमंत्री ने पाटनी तिराहे का नाम परिवर्तित कर ‘हनुमान चौक’ किए जाने की घोषणा की। कहा कि प्रदेशवासियों के ऊपर भगवान राम एवं हनुमान जी की अनुकंपा बनी रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच जाकर प्रसाद वितरण किया। आम लोगों का हालचाल जाना और बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त किया। सीएम धामी ने कहा कि 'विकसित भारत' के विजन और संकल्प को पूरा करने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। उत्तराखंड को 'देवभूमि' के साथ-साथ 'सैन्यभूमि' बताते हुए उन्होंने कहा कि हमारी सरकार देश की रक्षा में समर्पित वीर सैनिकों एवं उनके परिवारों के हितों व कल्याण के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है।
ये रहे मौजूद:
दर्जा मंत्री सुभाष बगौली, हेमा जोशी, मनोज कालाकोटी, किरण देवी, पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष भानी चंद, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, भाजपा जिला प्रभारी गुंजन सुखीजा, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, टनकपुर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार, बनबसा नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा देवी, DM मनीष कुमार, SP रेखा यादव, SDM प्रमोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी जनप्रतिनिधि समूह की महिलाएं आदि।




तीन टाटा योद्धा वाहन मिले, खिलाड़ियों को बांटे खेल किट
सीएम ने गिनाई राज्य सरकार की उपलब्धियां
देवभूमि टुडे
चंपावत/बनबसा। मुख्यमंत्री ने बनबसा के मिनी स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट सहित विभिन्न कई कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल किट एवं पुरस्कार भी वितरित किए। CM ने खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने, नशे से दूर रहने और अनुशासनपूर्ण जीवन अपनाने का युवाओं से आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं ऊर्जावान युवा ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की नींव हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहाघाट में लगभग 256.97 करोड़ रुपये से बन रहा महिला स्पोर्ट्स कालेज प्रदेश की महिला खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं, नियमित स्वास्थ्य जांच और निःशुल्क दवा वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि टनकपुर में लगभग 237.74 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा ISBT क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था को मजबूत करेगा। वहीं मां पूर्णागिरि धाम और शारदा कारिडोर से संबंधित विकास कार्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर सृजित करेंगे। मुख्यमंत्री ने बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली साधना और बालक वर्ग के विजेता जतिन चंद को पुरस्कृत किया। उन्हाेंने CSR के अंतर्गत वन प्रभाग हल्द्वानी और वन प्रभाग चंपावत को उपलब्ध कराए गए तीन टाटा योद्धा वाहनों को हरी झंडी दिखाई।
© 2026. All Rights Reserved.