उत्तराखंड शासन ने जारी किया संशोधित आदेश
प्रशासनिक सुगमता और क्षेत्रीय आवश्यकताओं के दृष्टिगत लिया गया निर्णय
15 जून 2015 को हुआ था गुमदेश पुल्ला उप तहसील का आदेश
लेकिन 14 जुलाई 2022 से संचालित हुई थी गुमदेश उप तहसील
देवभूमि टुडे
चंपावत। नेपाल सीमा से लगे गुमदेश क्षेत्र में 14 जुलाई 2022 से संचालित गुमदेश उप तहसील का मुख्यालय दूसरी बार बदला गया है। इस उप तहसील का मुख्यालय छीड़ाखाल के बाद 2015 में गुरेली किया गया था, लेकिन अब इसे भी संशोधित कर किमतोली कर दिया गया है। इस संबंध में शासन ने अधिसूचना जारी की है। बताया गया कि प्रशासनिक सुगमता और क्षेत्रीय आवश्यकताओं के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है।
15 जून 2015 को गुमदेश की 41 ग्राम पंचायतों की 35 हजार की आबादी के लिए पृथक उप तहसील की राजाज्ञा जारी हुई थी। शुरू में इस उप तहसील का मुख्यालय छीड़ाखाल बनाया गया था। जिसे बाद में संशोधित कर किमतोली के राजस्व गांव गुरेली (खालगढ़) कर दिया गया था। लेकिन इस उप तहसील का संचालन 14 जुलाई 2022 से शुरू हुआ था। कार्मिकों की कमी को इसके संचालन न
होने की वजह बताया था। और अब गुमदेश उप तहसील का मुख्यालय किमतोली किया गया है। नवीन आदेश में कहा गया है कि अब उप तहसील पुल्ला गुमदेश का मुख्यालय पूर्व में निर्धारित गुरेली के स्थान पर किमतोली में स्थापित किया जाएगा। बता दें कि इस उपतहसील का संचालन अभी किमतोली के ग्रोथ सेंटर भवन से हो रहा है।
गुमदेश विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष माधो सिंह अधिकारी का कहना है कि उप तहसील का मुख्यालय अब सभी के लिए अनुकूल होगा। उप तहसील के संचालन से नेपाल के सीमावर्ती ग्रामीणों को खतौनी की नकल, स्थाई निवास, जाति, आय, ईडब्लूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) प्रमाणपत्र के साथ अन्य जरूरी दस्तावेज बनाने के 39 किमी दूर लोहाघाट की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
© 2026. All Rights Reserved.