अर्घ्य देकर तोड़ा व्रत, टनकपुर शारदा घाट में उमड़ी व्रतियों की भीड़, चार दिवसीय पर्व का समापन
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। उदय होते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ पर्व का समापन हो गया है। अंतिम दिन आज 16 नवंबर की सुबह भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए शारदा घाट पर पूर्वांचली समुदाय के लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। टनकपुर और बनबसा से बड़ी संख्या में व्रती शारदा घाट पहुंचे और सूर्यदेव की आराधना कर मन्नत मांगी। व्रतियों ने श्रद्धाभाव के साथ पवित्र जल से अर्घ्य समर्पित किया और व्रत तोड़ा।



शारदा घाट में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए। लोग बांस से निर्मित कलसूप में रखी पूजन सामग्री एवं प्रसाद लिए नदी तट पर पहुंचे, तथा सूर्य के उदय होने तक पाठ-पूजा में लीन रहे। सूर्योदय होते ही श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के साथ उदय होते सूर्य सूर्य को अर्घ्य चढ़ाकर परिवार व संतान की सुख समृद्धि के साथ स्वास्थ्य और सुंदर काया की मन्नत मांगी। महिलाओं के साथ पुरुषों ने भी अर्घ्य दिया। पंडित राम नारायण दास ने वैदिक मंत्रोचार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। इस मौके पर पावर स्टेशन के परियोजना प्रमुख ऋषि रंजन आर्य, द्वारिका प्रसाद, संजू सिंह, मालती देवी, इंदु सिंह, प्रियंका सिंह, सुनीता गुप्ता, प्रवीण सिंह, कौशल्या देवी, सीमा मिश्रा, चंद्रिका प्रसाद, शंकर प्रसाद, तुषार मिश्रा, मनोज गुप्ता, हरिकेश गिरी आदि भक्त मौजूद रहे। इधर लोहाघाट की लोहावती नदी में भी भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए भीड़ उमड़ी। व्रतियों ने निर्जला उपवास का पारायण कर प्रसाद ग्रहण किया। इससे पूर्व ऋषेश्वर महादेव मंदिर परिसर छठी मैया के पारंपरिक गीतों से गुंजायमान रहा।
© 2026. All Rights Reserved.