कल 27 फरवरी को मुख्यमंत्री ने लोहाघाट में दिए संकेत
कहा-लधिया घाटी क्षेत्र में उच्च शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए महाविद्यालय स्थापना का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा
जिला पंचायत सदस्य सोनू बोहरा, पूर्व सदस्य भोला सिंह बोहरा लंबे समय से उठा रहे थे कॉलेज की आवाज
देवभूमि टुडे
चंपावत/रीठा साहिब। जिले के लधिया घाटी क्षेत्र में राजकीय डिग्री कॉलेज की आस बढ़ गई है। डिग्री कॉलेज को लेकर क्षेत्र के लोग लंबे समय से आवाज उठाते रहे हैं। कल 27 फरवरी को लोहाघाट दौरे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दिशा में संकेत दिए। उन्होंने लधिया घाटी क्षेत्र में उच्च शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए महाविद्यालय स्थापना का प्रस्ताव तैयार करवाने का ऐलान किया। इससे क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है।
पाटी विकासखंड में दो (देवीधुरा व पाटी) राजकीय डिग्री कॉलेज हैं, लेकिन 20 हजार से अधिक आबादी वाले लधिया घाटी क्षेत्र इससे वंचित है। यहां के छात्र-छात्राओं और नौजवानों की उच्च शिक्षा को लेकर खासी दिक्कत हैं। जिला पंचायत सदस्य सोनू बोहरा का कहना है कि नैनीताल जिले से लगे रीठा साहिब और लधिया घाटी क्षेत्र के युवाओं के लिए इंटर के बाद की पढ़ाई का कई बंदोबस्त नहीं है। क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को स्नातक और उससे आगे की पढ़ाई के लिए लोहाघाट या पाटी की दौड़ लगानी होती है। रीठा साहिब से पाटी 49 किमी और लोहाघाट 65 किमी दूर है। फासले की वजह से काफी बच्चे इंटर के बाद की पढ़ाई से वंचित रह जाते हैं।
इसके मद्देनजर लधिया घाटी क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की मांग को पूर्व जिला पंचायत सदस्य भोला बोहरा और मौजूदा जिला पंचायत सदस्य सोनू बोहरा के नेतृत्व में क्षेत्र के लोग लंबे समय से उठाते रहे थे। पिछले साल के आखिर में लधिया घाटी क्षेत्र में कॉलेज के लिए स्थान का प्रस्ताव जिला प्रशासन ने शासन को भेजा भी था। रीठा साहिब से 2 किमी दूर कुल्यालगांव के खालबगड़ तोक में कॉलेज के लिए 500 नाली भूमि गांव के लोग दान करने को राजी हैं और शिक्षा विभाग के सर्वे में भी इस स्थान को कॉलेज के लिए एकदम उपयुक्त बताया जा चुका है।

जताया CM का आभार:
पूर्व जिला पंचायत सदस्य भोला सिंह बोहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री के ऐलान के बाद अब डिग्री कॉलेज खुलने की राह प्रशस्त हो गई है। उन्होंने इसके लिए CM पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है। साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी का भी आभार जताया। इसके अलावा सीएम ने रीठा साहिब-चौड़ापित्ता-परेवा मोटर मार्ग सुधारीकरण और रीठा-रमक मोटर मार्ग सुधारीकरण का ऐलान किया है। प्रतिनिधियों ने विकास की इन तमाम संभावनाओं के लिए डीएम मनीष कुमार और सीएम के डे ऑफिसर सुभाष चंद्रा का आभार जताया है।
© 2026. All Rights Reserved.