Wednesday Jul 1, 2026

चंपावत जिला पंचायत की बैठक में पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन सहित कई विषयों पर चर्चा हुई

योजनाओं के क्रियांवयन में तेजी लाएं

देवभूमि टुडे

चंपावत। जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी ने विकास योजनाओं के क्रियांवयन में पारदर्शिता, जन सहभागिता और समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए। चंपावत जिला पंचायत की जिला पंचायत सभागार में आज 30 जून को हुई बैठक में उन्होंने जिला पंचायत सदस्यों के जरिए प्राप्त जन समस्याओं का प्राथमिकता से त्वरित समाधान करने को कहा।

जिले के समग्र विकास, विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति और जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर चर्चा की गई। अध्यक्ष अधिकारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की "आदर्श चंपावत" परिकल्पना को धरातल पर उतारने के लिए सभी विभागों से समन्वित एवं प्रतिबद्ध होकर कार्य करने का आह्वान किया।

चंपावत जिला पंचायत बैठक।

बैठक में विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने, आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने, एंबुलेंस सेवाओं को और अधिक बेहतर करने, पेयजल, विद्युत एवं सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने और विभागों द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

DM मनीष कुमार ने कहा कि सभी विभाग समय-समय पर जन प्रतिनिधियों को विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंच सके। उन्होंने पर्यटन विभाग की विभिन्न योजनाओं, ट्रैकिंग ट्रैक्शन सेंटर, होम-स्टे अनुदान योजना, मानसखंड मंदिरमाला मिशन, मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना जैसी कई योजनाओं का लाभ उठाने की बात कही।

DM मनीष कुमार ने पूर्ति विभाग को राशनकार्ड सत्यापन अभियान में तेजी लाने और अपात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में वन विकास निगम के अधिकारी की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की गई। अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने, स्वीकृत योजनाओं को समयबद्ध रूप से धरातल पर उतारने और जन समस्याओं के समाधान में संवेदनशील एवं उत्तरदायी दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, अपर मुख्य अधिकारी अनिल जोशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, जिला पंचायत सदस्य कृष्णानंद जोशी, शैलेश जोशी, हिमानी बोहरा, सरोज चंद, निर्मला महराना, योगेश जोशी, अशोक महरा, अनीता प्रथोली, पुष्कर राम, मनीषा कालाकोटी आदि मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.