Monday Aug 10, 2026

SSB के ब्रास बैंड प्रदर्शन से देशभक्ति की धुनों से गूंजा चम्पावत बस स्टैंड

हर घर तिरंगा एवं वंदे अभियान के तहत हुआ विशेष 

देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना से सराबोर हुआ कार्यक्रम स्थल

DM मनीष कुमार ने आम लोगों से किया अभियानों में सहभागिता का आह्वान

देवभूमि टुडे

चम्पावत। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में “हर घर तिरंगा अभियान” एवं “वंदे मातरम् अभियान” के अंतर्गत आज 9 अगस्त को चम्पावत स्टैंड में SSB की पंचम वाहिनी ने विशेष ब्रास बैंड प्रदर्शन का आयोजन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व पंचम वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट शिव राम ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के अलावा स्वतंत्रता दिवस के प्रति आम लोगों में उत्साह और उमंग का संचार करना रहा।

मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष कुमार ने राष्ट्र ध्वज के सम्मान तथा “हर घर तिरंगा” एवं “ वंदे मातरम्” अभियानों की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व और सम्मान की भावना के साथ इन अभियानों में सहभागिता करनी चाहिए।

वंदे मातरम कार्यक्रम।

बाद में SSB सीमांत मुख्यालय रानीखेत की ब्रास बैंड टीम ने “वंदे मातरम्” की शानदार प्रस्तुति से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। “मेरे वतन के लोगों”, “कदम-कदम बढ़ाए जा”, “विजय धुन ताकत वतन की”, “रंग दे बसंती चोला” एवं “सारे जहां से अच्छा” जैसी देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने लोगों में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया।

ब्रास बैंड की प्रस्तुतियों के दौरान कार्यक्रम स्थल पर अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सशस्त्र सीमा बल के कार्मिकों एवं उनके परिजनों तथा स्थानीय नागरिकों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कार्यवाहक कमांडेंट शिव राम ने कार्यक्रम में अतिथियों और नागरिकों का आभार जताया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। SSB ने आम लोगों से “हर घर तिरंगा अभियान” से जुड़ते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना प्रदर्शित करने की अपील की। कार्यक्रम में कमांडेंट चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल बरनवाल, उप कमांडेंट करन चौहान, सुदेश कुमार, नवनीत कुमार, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, नगर मंडल अध्यक्ष सुनील पुनेठा, जगदीश जोशी, प्रकाश पांडेय, आनंद अधिकारी के अलावा अधिकारी-कर्मचारी एवं आम लोग मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.