Tuesday May 19, 2026

चंपावत के डीएम मनीष कुमार ने सुनीं समस्याएं

देवभूमि टुडे

चंपावत। डीएम मनीष कुमार की अध्यक्षता में आज 18 मई को कलक्ट्रेट में हुए साप्ताहिक जनता मिलन कार्यक्रम में 76 शिकायतें सुनी गईं। इनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। और शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

खेतीखान निवासी वरिष्ठ नागरिक 84 वर्षीय माधवानंद गहतोड़ी ने आवासीय परिसर में पड़ोसियों द्वारा दूषित पानी एवं गंदगी छोड़े जाने की शिकायत की। डीएम ने एसडीएम को सार्वजनिक उपद्रव (पब्लिक न्यूसेन्स) के तहत कार्रवाई करते हुए तत्काल मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही डीपीआरओ एवं स्वजल विभाग को सोख्ता गड्ढा अथवा नाली निर्माण कर प्राथमिकता के आधार पर समस्या के समाधान के निर्देश दिए।

जन मिलन कार्यक्रम।

हरम निवासी सूरज सिंह ने झुके हुए पेड़ों के कारण असुरक्षित बिजली लाइनों से दुर्घटना की आशंका जताई। डीएम ने विद्युत विभाग के ईई को तत्काल लाइन ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही डीडीएमओ को जिले में टूटे एवं झुके पेड़ों की सूची तैयार कर गांवोंं में विद्युत विभाग के जेई एवं एई के

माध्यम से कैंप लगाकर खतरनाक पोलों एवं लाइनों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। बस्कुनी निवासी कमल किशोर ने पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। चंपावत नगर निवासी प्रकाश सिंह बिष्ट ने एनएच-09 के सामने बने खुले कलवर्ट से हो रही परेशानी की शिकायत की। चौड़ीराय की ग्राम प्रधान जानकी राय ने क्षेत्र में गुलदार की बढ़ती गतिविधियों की जानकारी दी। खर्ककार्की निवासी भगवान राम ने पारिवारिक भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई।

बालेश्वर वार्ड निवासी बबीता प्रहरी ने अपने पति के इलाज में सहायता की मांग की। सुंई पऊ निवासी गिरीश चंद्र जुकरिया ने मकान में आग लगने से हुई क्षति के मुआवजे की मांग की। डुंगरी फर्त्याल निवासी प्रकाश सिंह ने अपनी पुत्री के कैंसर के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। इस मौके पर सीडीओ डॉ. जीएस खाती, एडीएम कृष्णनाथ गोस्वामी, सीएमओ डॉ. देवेश चौहान, एपीडी विम्मी जोशी, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।




Share on Facebook Share on WhatsApp

© 2026. All Rights Reserved.